एसएसपी के निर्देश पर सभी थानों में व्यापारियों के साथ गोष्ठी

-व्यापारियों के साथ बैठक कर पुलिस ने दिए सुरक्षा के टिप्स

गाजियाबाद। व्यापारियों की सुरक्षा व्यवस्था एवं कानून व्यवस्था को लेकर जिले के तीन थानों में शनिवार को व्यापारियों के साथ पुलिस अधिकारियों ने बैठक कर सुरक्षा व्यवस्था पुख्ता करने का आश्वासन दिया। वहीं, व्यापारियों की समस्याएं सुनने के बाद उनका निस्तारण भी कराया जाएगा। शुक्रवार को जिलाधिकारी राकेश कुमार सिंह एवं डीआईजी/एसएसपी अमित पाठक ने व्यापारी संगठनों के साथ बैठक की थी। एसएसपी ने जिले के सभी थानों में व्यापारियों के साथ बैठक करने के आदेश दिए थे। इसी क्रम में शनिवार को एसएसपी अमित पाठक के निर्देश पर मुरादनगर थाने में सीओ सदर कमलेश नारायण पांडेय ने थाना प्रभारी निरीक्षक हरिओम सिंह ने व्यापारियों के साथ बैठक कर उनकी समस्याएं सुनने के बाद सुरक्षा व्यवस्था कड़ी रखने का आश्वासन दिया। वहीं, थाना भोजपुर प्रभारी ने व्यापारियों, ज्वैलर्स एवं व्यापार मंडल के पदाधिकारियों के साथ बैठक की। निवाड़ी थाना प्रभारी सतीश कुमार ने सभी ज्वेलर्स,व्यापारी संगठनों एवं व्यापारियों के साथ सुरक्षा व्यवस्था एवं शांति-कानून व्यवस्था को लेकर वार्ता की। व्यापारियों ने थाना प्रभारियों के समक्ष अपनी समस्याओं को रखा। समस्याएं सुनने के बाद इनका निस्तारण करने का आश्वासन दिया गया। व्यापारियों एवं ज्वैलर्स और मुख्य बाजारों में सुरक्षा व्यवस्था को लेकर पुलिसकर्मियों की ड्यूटी निरंतर रूप से रहेगी। वहीं, मोबाइल नंबर भी दिए गए। व्यापारियों को सभी दुकानों में सेंट्रल लॉक लगाने के अलावा बाजार में सीसीटीवी कैमरे लगवाने, डीवीआर को सुरक्षित स्थान पर रखने, गार्ड रखने आदि के दिशा-निर्देश दिए गए। वहीं, दुकानों में नौकरी पर रखे गए नौकरों का पुलिस से वैरीफिकेशन जरूर कराने के लिए व्यापारियों को प्रेरित किया गया। ताकि आपराधिक घटनाओं को रोका जा सके। दवाई दुकान में नशीले सामान न बेचने, यातायात संबंधी व्यवस्था बनाएं रखने हेतु दुकानों के सामने सामान न रखने, अव्यवस्थित वाहन खड़ा न करने के अलावा आसपास गंदगी न फैलाकर स्वच्छता में योगदान देने की बात कही गई।