नगर निगम कर्मचारियों के स्वास्थ्य को लेकर संजीदा

-शरद ऋतु की शुरूआत में कर्मचारियों को किया वर्दी का वितरण

गाजियाबाद। नगर निगम अपने कर्मचारियों के स्वास्थ्य को लेकर बेहद संजीदा है। यह अंदाजा इसी बात से लगाया जा सकता है कि कोरोनाकाल के दौरान निगम कर्मचारियों को कोरोना से बचाव के लिए मास्क, सेनेटाइजेशन एवं साबुन वितरित किए थे। उसके बाद सुरक्षा के लिए सभी का टीकाकरण कराया। अब सर्दी से पूर्व नगर निगम ने कर्मचारियों को समय से पूर्व वर्दी बांटनी शुरू कर दी है। जिससे सर्दी के मौसम में कर्मचारी भी अपना ठंड से बचाव कर आराम से काम कर सकें।
गुरूवार को नगर निगम मुख्यालय में शरद ऋतु की शुरूआत में कर्मचारियों को वर्दी का वितरण किया गया। उद्यान, प्रकाश, टैक्स और निर्माण विभाग के चतुर्थ श्रेणी के लगभग ढाई सौ कर्मचारियों को शरद ऋतु के मद्देनजर वर्दी प्रदान की गई ताकि कर्मचारियों का सर्दी से बचाव हो सके और वह मन लगाकर निगम हित में कार्य करें। कार्यक्रम में नगरायुक्त महेंद्र सिंह तंवर ने उपस्थित कर्मचारियों से उनके कार्य के बारे में वार्ता की। साथ ही कर्मचारियों को कार्य करने के लिए मोटिवेट किया गया तथा किसी समस्या के दौरान सीधे संपर्क करने के लिए बताया ताकि कर्मचारियों से सीधा संपर्क स्थापित कर उनकी समस्या का समाधान किया जा सके। नगर आयुक्त ने कहा कि वर्दी वितरण का उद्देश्य है कि कर्मचारी सर्दी से पूर्व अपनी वर्दी को तैयार करा लें। जिससे सर्दी के मौसम में वह आराम से काम कर सकें। मेयर आशा शर्मा ने उपस्थित कर्मचारियों के कार्यों की प्रशंसा की। उन्होंने कर्मचारियों को नगर निगम का महत्वपूर्ण हिस्सा बताकर उन्हें सराहा। कार्यक्रम में नगर निगम गाजियाबाद कर्मचारी संघ के अध्यक्ष नैन सिंह ने समस्त कर्मचारियों की तरफ से नगर निगम हित में कार्य करने के लिए मेयर और नगरायुक्त के समक्ष पूर्ण विश्वास से बात रखी। समस्त कर्मचारी सर्दियों की वर्दी पाकर काफी प्रसन्न नजर आए।