जेई को कारण बताओ नोटिस जारी

गाजियाबाद। नगरायुक्त महेंद्र सिंह तंवर ने निर्माण विभाग के अवर अभियंता योगेश कुमार को कारण बताओ नोटिस जारी किया है। सप्ताहभर के भीतर नोटिस का जवाब देने को कहा गया है। संतोषजनक जवाब नहीं देने पर जेई के खिलाफ विभागीय कार्रवाई की जाएगी ।

नगर निगम के कविनगर जोन में निर्माण विभाग का कार्यालय है। नगरायुक्त महेंद्र सिंह तंवर  को शिकायत मिली कि कार्यालय परिसर में कुछ लोग शराब का सेवन कर रहे हैं। रात करीब पौने 9 बजे नगरायुक्त को फोन के जरिए यह शिकायत मिली थी। सूचना मिलने पर नगरायुक्त ने अपर नगरायुक्त शिव पूजन यादव को तुरंत मौके का निरीक्षण करने के निर्देश दिए थे। अपर नगरायुक्त शिव पूजन यादव जब मौके पर पहुंचे तो कार्यालय परिसर में योगेश कुमार मिले।

इस पर अपर नगरायुक्त यादव ने जेई से रात्रि 9 बजे तक कार्यालय परिसर में मौजूद रहने का कारण पूछा, मगर वह कोई संतोषजनक जवाब नहीं दे पाए। नोटिस में नगरायुक्त ने कहा है कि इस प्रकार रात्रि में कार्यायल परिसर में पाया जाना आपत्तिजनक है।  नगरायुक्त महेंद्र सिंह तंवर ने नोटिस जारी कर इस प्रकरण में जवाब देने को कहा है। सप्ताहभर के भीतर जवाब न देने पर या फिर संतोषजनक जवाब नहीं मिलने पर जेई के खिलाफ विभागीय कार्रवाई प्रारंभ कर दी जाएगी।