गुरु गोबिन्द सिंह के साहिबजादों की शहादत गाथा को पाठ्यक्रम मे शामिल करना सराहनीय कदम: सरदार एसपी सिंह
गाजियाबाद। प्रदेश के लोकप्रिय मुख्यमन्त्री योगी आदित्यनाथ द्वारा रविवार को लखनऊ मे अपने निवास कालिदास मार्ग पर गुरु गोबिन्द सिंह जी साहिबजादो की शहादत पर कीर्तन दरबार का आयोजन किया और गुरुओं व साहिबजादो की देश, धर्म व मानवता के लिये किये गये बलिदान व शहादत की विस्तार से चर्चा करते हुए मुख्यमन्त्री ने उत्तर प्रदेश मे आगामी शिक्षा सत्र से गुरुओं व साहिबजादो की शहादत व बलिदान को पाठ्यक्रम मे शामिल करने का निर्णय लिया। जिससे समाज व युवाओ को देश सेवा की प्रेरणा मिल सके। प्रदेश सरकार के इस निर्णय का सिक्ख समाज ने दिल खोल कर स्वागत किया है। अल्पसंख्यक आयोग उत्तर प्रदेश के पूर्व सदस्य सरदार एसपी सिंह ने इसके लिये मुख्यमन्त्री योगी का आभार व्यक्त करते हुए कहा कि सबका साथ, सबका विकास व सबका विश्वास के वायदे को पूरा करते हुए प्रदेश सरकार का निर्णय युवाओं को देश के वास्तविक इतिहास से जोडऩे मे बड़ा महत्वपूर्ण कदम है। सिक्ख इतिहास देश, धर्म व मानवता की एकता के लिये शहादत भरा इतिहास है, इससे देश मे साम्प्रदायिक सद्भाव व भाईचारा भी बढ़ेगा। गुरुद्वारा कविनगर जी ब्लाक के अध्यक्ष रविन्दर सिंह जौली व गुरुद्वारा दशमेश दरबार, प्रताप विहार की प्रबन्ध समिति ने भी प्रदेश सरकार के निर्णय का स्वागत करते हुए मुख्यमंत्री का आभार व्यक्त किया गया।
















