टैम्पो में सवारी बैठाकर चाकू की नोक पर करते थे लूटपाट

नाबलिग समेत पांच लुटेरे गिरफ्तार, लूट के 9 मोबाइल बरामद

गाजियाबाद। एनसीआर क्षेत्र में राहगीरों से मोबाइल लूट की वारदातों को अंजाम देने वाले गिरोह नाबालिग समेत पांच शातिर लुटेरे को इंदिरापुरम पुलिस ने किया गिरफ्तार किया है। जिनके पास से पुलिस ने चोरी व लूट के 9 मोबाइल, चार चाकू और एक टेंपो बरामद किया है। सीओ इंदिरापुरम अंशु जैन ने बताया कि एसआई सत्यवीर सिंह, मुन्नेश सिंह की टीम देर रात क्षेत्र में अपराधिक वारदातों को रोकने के लिए गश्त कर रहे थे। तभी मुखबिर से सूचना मिली की क्षेत्र में लोगों के मोबाइल लूटने और चोरी करने वाले गिरोह के बदमाश ऑटो में देखे गए हैं। इस सूचना पर पुलिस हरकत में आ गई और बदमाशों की तलाश में लग गई। उसने बताया कि इसी क्रम में एक ऑटो में बैठे पांच लोगों को रोकने के लिए इशारा किया गया तो वह ऑटो से उतरकर भागने लगे। जिनको पुलिस ने दबोच लिया। तलाशी लेने पर उनके पास से 9 मोबाइल और चार चाकू बरामद हुए। थाने लाकर कड़ी पूछताछ करने पर पता चला कि बदमाश शातिर किस्म के अपराधी हैं, जो दिल्ली एनसीआर में लूट व चोरी की वारदातों को अंजाम देते हैं। पुलिस ने बताया कि गिरफ्तार सभी पांचों बदमाशों के खिलाफ विभिन्न थानों में कई कई मुकदमे दर्ज हैं। नाबालिक को बाल सुधार गृह भेजा गया है। पकडे गये लुटेरों की पहचान देवेंद्र कुमार, विक्की महतो और प्रवीण कुमार निवासी बिहार एवं चुन्नू खान निवासी महाराजपुर है। सीओ अंशु जैन ने बताया कि पकड़े गये लुेटेरे रात में टैम्पों में सवारी को गतंव्य तक पहुंचाने के लिए बैठा लेते थे। मौका देखकर चाकू की नोक पर लूटपाट की वारदात को अंजाम देते थे।