सेंट जेवियर वर्ल्ड स्कूल में स्केटिंग प्रतियोगिता आयोजित

गाजियाबाद। खेल से शारीरिक एवं मानसिक विकास होता है। इससे आपस में समन्वय एवं एक-दूसरे के सहयोग से लक्ष्य हासिल करने की क्षमता का विकास होता है। स्वस्थ शरीर और दिमाग को विकसित करने के लिए खेल महत्वपूर्ण भूमिका निभाते हैं। खेल कई प्रकार के होते हैं, जो हमारे शारीरिक के साथ मानसिक विकास में मदद करते हैं। लगातार पढ़ाई के दौरान कई बार तनाव की स्थिति होती है। ऐसे में खेल इस तनाव को दूर करने का बेहतर माध्यम है। यह बातें शनिवार को सेंट जेवियर वर्ल्ड स्कूल गाजियाबाद में इंटर स्कूल स्पीड स्केटिंग चैम्पियनशिप का शुभारंभ करते हुए मुख्य अतिथि कांग्रेस के राष्ट्रीय प्रवक्ता अजय वर्मा ने कहीं। कार्यक्रम का आयोजन स्पीड स्केटिंग एसोसिएशन उत्तर प्रदेश द्वारा किया गया। कार्यक्रम के मुख्य अतिथि कांग्रेस के राष्ट्रीय प्रवक्ता अजय वर्मा ने प्रतियोगिता में भाग लेने वाले प्रतिभागियों को मेडल एवं शील्ड प्रदान की एवं सभी को बधाई दी। कार्यक्रम में वक्ताओं ने कहा कि जीवन में खेलकूद का विशेष महत्व है। खेलों से शारीरिक एवं मानसिक विकास में वृद्धि होती है। विद्यार्थियों को पढ़ाई के साथ-साथ खेलकूद में भी रूचि रखनी चाहिए। वक्ताओं ने खेलों को जीवन का अह्म हिस्सा बताया। सेंट जेवियर वर्ल्ड स्कूल की निदेशक एवं प्रधानाचार्या विभा रावत, कांग्रेस के पूर्व पार्षद वीर सिंह, मुख्य कोच एवं आयोजक पवन गहलोत आदि मौजूद रहे।