झुग्गियों में लगी आग, सिलेंडरों के फटने से मचा हड़कंंप

-40 झुग्गी जलकर राख, 10 दमकल की गाडिय़ों ने आग पर पाया काबू

गाजियाबाद। इंदिरापुरम क्षेत्र में स्थित ग्राम कनावनी में सोमवार सुबह अचानक झुग्गियों में आग लग गई। झुग्गियों में कबाड़ी और पन्नी के गोदाम होने के चलते आग तेजी से फैल गई और झुग्गियों में रखें सिलेंडर फटने लगे। इससे आसपास के लोगों में हड़कंप मच गया। झुग्गी वासियों ने भागकर अपनी जान बचाई। उधर आग लगने की जानकारी मिलने पर दमकल विभाग की गाडिय़ां मौके पर पहुंची और आग पर काबू पाने का प्रयास शुरू किया। आग लगने से झुग्गियां जलकर राख हो गई। ग्राम कानावनी में काफी झुग्गियां है। जिसमें गरीब लोग रहकर अपना जीवन यापन कर रहे हैं। झुग्गियों में कबाड़ी और पन्नी के गोदाम भी हैं। बताया गया है कि सोमवार को एक झुग्गी में लगी आग अन्य झुग्गियों में फैल गई। पन्नी और कबाड़ी के गोदाम होने के चलते आग ने विकराल रूप धारण कर लिया और झुग्गियां धू-धू कर जलने उठी। झुग्गियों में रहने वाले लोगों ने भाग कर अपनी जान बचाई। आग लगने से क्षेत्र में अफरा-तफरी मच गई। चारों ओर धुएं का गुबार बन गया। लोगों को सांस लेने में भी तकलीफें होने लगीं। मुख्य अग्निशमन अधिकारी सुनील कुमार ने बताया कि सोमवार सुबह करीब साढे 11 बजे सूचना मिली की कनावनी गांव में बने कबाड़ी के गोदाम और झुग्गियों में आग लग गई है। आग की सूचना मिलते ही दमकल की 4 गाडिय़ों को मौके पर भेजा गया और आग पर काबू पाने का प्रयास शुरू कर दिया गया। हवा तेज होने के कारण आग तेजी से फैल गई। इस दौरान झुगियो और गोदाम में खाना बनाने के लिए रखे कई छोटे छोटे गैस सिलेंडर भी फटने लगे। स्थिति को भांपते हुए अग्निशमन कर्मियों ने सर्वप्रथम आग को फैलने से रोकने का प्रयास शुरू किया। उन्होंने बताया कि आग की तीव्रता को देखते हुए साहिबाबाद और गाजियाबाद से भी दमकल की 6 और गाडिय़ों को बुलाया गया। इस हादसे में कोई हताहत नही हुआ है। आग से लगभग 40 झुग्गी-झोपड़ी जलकर राख हो गई एवं 100 से अधिक झुग्गियों को जलने से बचा लिया गया है। आग को बुझाने में वैशाली के अतिरिक्त साहिबाबाद व कोतवाली फायर स्टेशन से भी गाडिय़ां बुलाई गई। करीब एक घंटे की कड़ी मशक्कत के बाद आग पर काबू पा लिया गया। आग लगने के कारणों की जांच की जा रही है। शुरुआती जांच में आग लगने का कारण चिंगारी से लगना लग रहा है।