-जोनल कार्यालयों पर तीसरे दिन जमा हुए 155 ऑक्सीजन सिलेंडर
गाजियाबाद। कोरोना संक्रमण काल के चलते ऑक्सीजन सिलेंडर की भारी किल्लत अब जनपद में धीरे-धीरे कम होने लगी है। होम आइसोलेशन में रह रहे लोगों को नगर निगम ने 24 घंटे बाद ही जोनल कार्यालयों से सिलेंडर में ऑक्सीजन भराने के बाद लौटाए जाने से लोगों के चेहरे पर मुस्कान लौट आई। ऑक्सीजन के नोडल अधिकारी नगर आयुक्त महेंद्र सिंह तंवर का प्लान कारगार साबित हो रहा है। नगर आयुक्त के इस कार्यो को देखकर अब लोगों ने भी राहत की सांस ली है। नगर निगम के जोनल कार्यालयों में शुरू की गई व्यवस्था के तहत शुक्रवार को खाली 155 ऑक्सीजन सिलेंडर लोगों ने जमा कराए। वहीं, खाली सिलेंडर जमा कराने पर 36-48 घंटे में भरा हुआ सिलेंडर दिया जाना हैं। मगर 24 घंटे में ही इस व्यवस्था से सिलेंडर में ऑक्सीजन भराकर लौटाने से अब थोड़ी राहत मिल गई हैं। नगर निगम के सभी 5 जोन में गुरूवार को जहां 176 लोगों ने खाली सिलेंडर जमा करवाए थे। वहीं, शुक्रवार को शाम 4 बजे तक 155 ऑक्सीजन सिलेंडर जमा कराए गए। खाली सिलेंडरों में आक्सीजन भरकर आने का इंतजार है। जोन जमा हुए सिलेंडर मोहननगर-36सिलेंडर, कविनगर जोन-29,विजयनगर-21,सिटी जोन-40,वसुंधरा जोन-29 में मिलाकर कुल 155 ऑक्सीजन सिलेंडर छोटे-बड़े जमा कराए गए। नगर आयुक्त महेंद्र सिंह तंवर ने बताया कि नई व्यवस्था के तहत शुक्रवार को 155 ऑक्सीजन सिलेंडर सभी 5 जोन में जमा कराए गए है। पिछले तीन दिन में 569 ऑक्सीजन सिलेंडर जमा कराए जा चुके है। इनमें कुछ सिलेंडर 24 घंटे में ऑक्सीजन भराने के बाद लौटा दिए गए हैं। शहर को संजीवनी बूटी के रूप में ऑक्सीजन गैस उपलब्ध कराने के लिए कोविड संक्रमित मरीजों के परिवार वालों और कई अस्पतालों समेत संस्थाओं ने नगर आयुक्त एवं जिला प्रशासन की प्रशंसा की है। नगर आयुक्त ने बताया कि ऑक्सीजन गैस के नोडल प्रभारी, जोनल प्रभारी नगर निगम और प्रशासन की टीम,पार्षदों और टीम-100 वॉलिंटियर्स सिविल डिफेंस के प्रयास से लोगों को ऑक्सीजन उपलब्ध कराई जा रही है। आक्सीजन न मिलने पर मरीज को मजबूरी में अस्पताल में भर्ती कराया जाता है या फिर ब्लैक में आक्सीजन खरीदनी पड़ती है। इन परेशानियों से छुटकारा मिल सके और निश्चित समय पर आक्सीजन से भरा हुआ सिलेंडर मिल सके। 36 से 48 घंटे के बैकअप के लिए आम पड़ोसी की मदद से दूसरे सिलेंडर की व्यवस्था की है। ऑक्सीजन खाली सिलेंडर को इन स्थलों पर जमा करें। इनमें सिटी जोन नेहरू नगर स्थित सामुदायिक केंद्र,वसुंधरा जोन सेक्टर-5 वसुंधरा स्थित गैराज, विजयनगर जोनल कार्यालय स्थित निर्माण विभाग का स्टोर, कविनगर जोनल कार्यालय के पीछे निर्माण विभाग का स्टोर मोहननगर जोनल कार्यालय स्थित निर्माण विभाग का स्टोर में जमा कराएं। इसके लिए आधार कार्ड की छायाप्रति, डॉक्टर द्वारा दिया गया पर्चा, ऑक्सीजन सेचुरेशन लेवल रिपोर्ट, कोरोना टेस्ट रिपोर्ट लेकर आना होगा। सिलेंडर जमा कराने पर कूपन और पर्ची दी जाएगी। वहीं, सिलेंडर लेने के लिए आने पर कूपन और पर्ची जमा करानी होगी।
















