गाजियाबाद। शहर को अतिक्रमण रखने के लिए नगर निगम निरंतर प्रयास कर रहा है। कार्रवाई करने से पहले अतिक्रमणकर्ताओं को हिदायत दी जा रही है। इसी क्रम में नगर निगम ने गुरुवार को दो जोन में अतिक्रमण हटाने से पहले नागरिकों और दुकानदारों से अपील की। जबकि दो जोन में अभियान चलाकर अतिक्रमण हटाया गया। सिटी जोन के जोनल प्रभारी गजेंद्र के नेतृत्व में अतिक्रमण हटाओ अभियान चलाने से पहले अनाउंसमेंट के माध्यम से अपील की गई। नागरिकों को अवगत कराया गया कि पच्चीस जून को इस क्षेत्र में अतिक्रमण के खिलाफ कार्रवाई की जाएगी। ऐसे में भाटिया मोड़ से होकर गुलमोहर सोसायटी के साथ-साथ नासिरपुर फाटक तक अतिक्रमण हटाया जाएगा।

अनाउंसमेंट के जरिए अपील की गई कि इससे पूर्व वहां पर किए गए स्थाई तथा आस्थाई अतिक्रमण को स्वयं हटा लिया जाए ताकि अभियान के दौरान किसी प्रकार का नुकसान न उठाना पड़े। उधर, विजय नगर जोनल प्रभारी ने वार्ड संख्या-35 में मंगल बाजार से अतिक्रमण हटाने से पूर्व प्रचार-प्रसार कर अपील की। उन्होंने कहा कि रास्तों को अवरूद्ध करने वाले व्यापारी स्वयं अतिक्रमण को हटा लें ताकि अभियान से पूर्व ही रास्ते आवागमन के लिए खाली रहें। साथ किसी को माल का नुकसान न उठाना पड़े। उन्होंने कहा कि अतिक्रमण हटाओ अभियान के दौरान जब्त माल को वापस नहीं किया जाएगा।

कविनगर जोन में अतिक्रमणकर्ताओं पर जुर्माना
नगर निगम के कविनगर जोन के अंतर्गत लोहा मंडी में अतिक्रमण हटाया गया। जिसके क्रम में अवैध झुग्गी-झोपडिय़ों को भी हटाया गया। कुछ व्यापारियों ने अवैध रूप से मार्गों पर अपना सामान लोहा इत्यादि रख रखा था। ऐसे में संबंधित व्यापारियों पर नब्बे हजार का जुर्माना किया गया। जोनल प्रभारी आशुतोष गुप्ता ने बताया कि नगरायुक्त महेंद्र सिंह तंवर के निर्देश पर पूरे शहर में अतिक्रमण हटाओ अभियान चलाया जा रहा है। आगे भी इसी प्रकार वृहद स्तर पर कार्रवाई की जाएगी।

वसुंधरा जोन में भी की गई कार्रवाई
वसुंधरा जोन में जोनल प्रभारी सरिता सिंह के निर्देश पर अतिक्रमण हटाओ अभियान चला। सेक्टर पांच वैशाली में अवैध रूप से बनाए गए टीन शेड को तोड़ा गया। इसके अलावा प्रचार-प्रसार के माध्यम से अतिक्रमण हटाने के लिए अपील भी की गई। वसुंधरा जोन में आगे भी इस प्रकार की कार्रवाई की जाती रहेगी। अतिक्रमण हटाने से पूर्व नगर निगम द्वारा की जा रही अपील का काफी असर देखने को मिल रहा है। भवन स्वामी और दुकानदार स्वयं अतिक्रमण हटा रहे हंै।














