गाजियाबाद। गुरु गोबिन्द सिंह जी के प्रकाशपर्व के अवसर पर मौलाना आजाद एजूकेशन फांउडेशन के सदस्य सरदार एसपी सिंह ने फांउडेशन के अध्यक्ष व केन्द्रीय अल्पसंख्यक कार्य मंत्री मुख्तार अब्बास नकवी को गुरु गोबिन्द सिंह जी का एक चित्र भेंट किया। इस अवसर पर चर्चा मे श्री नकवी ने कहा गुरु गोविंद सिंह ने समाज को सत्य, न्याय, धर्म और भलाई हेतु प्रेरित किया। गुरु गोविंद सिंह ने जुल्म, अन्याय, अत्याचार के विरुद्ध आगे बढ़कर नेतृत्व प्रदान किया। उन्होने कहा कि गुरु गोविंद सिंह ने समाज के उपेक्षित वर्ग के लोगों को समाज की मुख्य धारा में सम्मिलित कर सामाजिक समरसता का वातावरण बनाने का अनुपम उदाहरण प्रस्तुत किया है। हम सभी को गुरु गोविंद सिंह के बताए रास्ते पर चलकर देश और समाज के कल्याण का मार्ग प्रशस्त करना चाहिए। आज पूरे समाज को उनके जीवन से प्रेरणा लेने की आवश्यकता है। देश ऐसे महान गुरुओं का ऋण कभी नही चुका पायेगा।















