जनपद में विशेष संक्षिप्त पुनरीक्षण अभियान की शुरुआत

डीएम ने जागरूकता रैली को भी रवाना किया

गाजियाबाद। जनपद में विशेष संक्षिप्त पुनरीक्षण अभियान का आगाज हो गया है। इसके तहत मतदाता सूची को अपडेट किया जाएगा। 30 नवम्बर तक यह अभियान चलेगा। इस दौरान मतदाता सूची में नाम शामिल कराने और मतदाता पहचान पत्र बनवाने का अच्छा अवसर है। उधर, डीएम राकेश कुमार सिंह ने कलेक्ट्रट परिसर से मतदाता जागरूकता रैली को हरी झंडी दिखाकर रवाना किया। इस दौरान डीएम ने कहा कि मतदान करना सभी का नैतिक कर्तव्य है। जाति-धर्म एवं संप्रदाय से ऊपर उठकर मतदान करें। मतदाता जितना जागरूक होगा लोकतंत्र उतना ही मजबूत होगा।

उन्होंने मतदान के प्रति जनपद वासियों को जागरूक करने के उद्देश्य से ही निर्वाचन आयोग के निर्देश पर 30 नवंबर तक संचालित विशेष संक्षिप्त पुनरीक्षण अभियान के तहत सभी नए मतदाताओं का नाम मतदाता सूची में दर्ज करने ओर त्रुटि ठीक कराने के लिए अभियान चलाया जा रहा है। एक माह तक चलने वाले इस अभियान में जिनके मतदाता पहचान पत्र नहीं बने हैं उनको मतदाता पहचान पत्र बनाने के लिए जागरूक किया जाएगा।जिलाधिकारी राकेश कुमार सिंह ने कहा कि बैंड की धुन पर स्कूली छात्राओं ने लोगों को विशेष मतदाता अभियान के बारे में जागरूक किया।एडीएम प्रशासन ऋतु सुहास ने श्री ठाकुरद्वारा बालिका विद्यालय में आयोजित महिला मतदाता मेला का उद्घाटन किया। इस दौरान उन्होंने कहा कि मतदान करना सभी नागरिक का अधिकार है।

ऐसे में कोई भी व्यक्ति मतदाता पहचान पत्र बनवाने से न चूकें। एक माह तक सभी बीएलओ मतदेय स्थलों पर मौजूद रहेंगे। वें मतदाता, जिनकी आयु एक जनवरी 2022 को 18 वर्ष हो रही है, वह भी अपने मतदाता पहचान पत्र बनवा सकते हैं। लगाए गुब्बारे, निकाली रैली: अपर जिलाधिकारी प्रशासन ने बताया कि लोनी और श्री ठाकुरद्वारा बालिका विद्यालय के पास दो गुब्बारे लगाए गए हैं, जिनसे नागरिकों को विशेष मतदाता अभियान के लिए जागरूक किया जाएगा। वहीं श्री ठाकुरद्वारा बालिका विद्यालय से स्कूली छात्राओं ने स्कूटी पर रैली निकाली। शहर के प्रमुख मार्गों और बाजारों में जाकर स्कूटी सवार छात्राओं ने मतदाता पहचान पत्र बनवाने के लिए लोगों को जागरूक किया।