बाजारों की सुरक्षा व्यवस्था जांचने खुद निकल पड़े एसएसपी

-पैदल गस्त कर व्यवस्थाओं का लिया जायजा

गाजियाबाद। जिले में कानून व्यवस्था का चुस्त करने और कोरोना प्रोटोकॉल का बाजारों में पालन कराने के लिए पुलिसिंग व्यवस्था को लेकर बुधवार को बारिश में भीगते हुए डीआईजी/एसएसपी अमित पाठक ने शहर के बाजारों में पैदल गश्त कर व्यवस्थाओं का जायजा लिया। बुधवार को एसएसपी अमित पाठक ने एसपी सिटी प्रथम निपुण अग्रवाल, सीओ फस्र्ट महिपाल सिंह आदि पुलिसकर्मियों के साथ पुराना बस अड्डा से मालीवाड़ा चौक, तुराब नगर, आंबेडकर रोड, रमतेराम रोड, सर्राफा बाजार आदि में पैदल गश्त करते हुए बाजारों में पुलिस व्यवस्था से लेकर सुरक्षा व्यवस्था को चेक किया। पैदल गश्त के दौरान जहां पुलिसकर्मी ड्यूटी पर नहीं मिले। वहीं, बाजारों में बारिश की वजह से भीड़ कम होने के चलते चहल-पहल कम रही। एसएसपी ने गांधीनगर एवं आंबेडकर रोड स्थित ज्वैलर्स के शोरूम में भी अंदर जाकर व्यवस्था देखने के साथ ही सर्राफा व्यापारियों एवं एसोसिएशन पदाधिकारियों से सुरक्षा व्यवस्था को लेकर जानकारी की। एसएसपी ने एसपी सिटी एवं पुलिसकर्मियों को निर्देश दिए कि बाजारों में कोरोना गाइडलाइन का पूर्ण रूप से पालन कराया जाए। इसका उल्लंघन करने वालों के खिलाफ कड़ी कार्रवाई करें। व्यापारी सुरक्षा प्रकोष्ठ को प्रभावी रूप से क्रियान्वित करने और व्यापारियों के साथ होने वाले आपराधिक घटनाओं को रोकने के लिए चेकिंग एवं गश्त बढ़ाई जाए। अपराधों की रोकथाम के लिए बाजारों में विशेष तौर पर पुलिसकर्मी मुस्तैद होकर अपनी ड्यूटी का निर्वहन करने के निर्देश दिए।