सड़क पर उतरकर एसएसपी ने परखी सुरक्षा व्यवस्था

मिशन शक्ति के तहत थानों में बांटे 10 लैपटॉप व 9 डैस्कटॉप

गाजियाबाद। कानून एवम् शांति व्यवस्था बनाये रखने तथा अपराध की रोकथाम के लिए वरिष्ठ पुलिस अधीक्षक कलानिधि नैथानी ने स्वयं विभिन्न थाना क्षेत्रों में बैंक, मुख्य बाजारों, चौराहों, सर्राफा मार्केट, व्यापारिक प्रतिष्ठान, संवेदनशील आदि स्थानों के आसपास पुलिस द्वारा की जा रही चेकिंग एवम पुलिस प्रबंध का जायजा लिया। चेकिंग के दौरान विशेषकर बैंकों में हूटर, सायरन, अलार्म, सीसीटीवी कैमरे, सुरक्षा गार्ड एवं अन्य सुरक्षा संबंधी संसाधनों को परखा एवं मौजूद बैंक अधिकारियों से सुरक्षा बंदोबस्त के बारे में जानकारी लेकर आवश्यक दिशा-निर्देश दिए गए।

एसएसपी द्वारा सभी क्षेत्राधिकारी एवं थाना प्रभारियों को शांति एवं कानून व्यवस्था बनाए रखने तथा अपराध की रोकथाम के लिए सर्राफा बाजार व व्यापारिक प्रतिष्ठान आदि के आसपास विशेष सतर्कता बरतने, संदिग्धों की निगरानी, प्रभावी चेकिंग करने व शासन के निर्देशानुसार कोविड-19 के दृष्टिगत नियमों का पालन कराने के लिए लगातार चेकिंग करने तथा नियमों का उल्लघंन करने वालों के विरुद्ध कड़ी कार्रवाई के निर्देश दिए। पुलिस कप्तान द्वारा मंगलवार को स्वयं सड़क पर उतरकर कानून व्यवस्था का जायजा लेने से अधीनस्थ कर्मचारियों में हड़कंप मच गया। कई स्थानों पर कानून व्यवस्था लचीली होने के बाद सख्त हो गई। एसएसपी जब तक सड़क पर रहे अधीनस्थ अधिकारियों में खलबली मची रही। इस दौरान वरिष्ठ पुलिस अधीक्षक ने अधीनस्थ कर्मचारियों को कड़े दिशा निर्देश दिए और कहा कि भीड़भाड़ वाले इलाकों में विशेष नजर रखी जाए। इस दौरान एसएसपी ने महिला हेल्प डेस्क के लिए मिशन शक्ति के तहत 10 लैपटॉप व 9 डैस्कटॉप विभिन्न थानों में वितरण किया। जिससे थानों पर आने वाली महिलाओं सम्बन्धित शिकायतों का अपडेशन वा कंप्यूटरीकृत अभिलेखीकरण सुचारू रूप से किया जा सकें।