उदय भूमि ब्यूरो
गाजियाबाद। कोविड-19 के कारण स्ट्रीट वेंडर्स के बेपटरी हुए रोजगार को पटरी पर लाने के लिए प्रदेश सरकार उन्हें प्रधानमंत्री स्वनिधि योजना के तहत लोन प्रदान कर रही है। शहर के स्ट्रीट वेंडर ऑनलाइन आवेदन के लिए जगह-जगह न भटकें, इसलिए नगर निगम के डूडा द्वारा सिविल डिफेंस ट्रांस हिंडन सहयोग से आर्यन पब्लिक स्कूल श्याम पार्क में लोगों के आवेदन करवाए जा रहे हैं।
बुधवार को प्रधानमंत्री स्वनिधी योजना के अंतर्गत स्ट्रीट वेन्डर, रेडी पटरी ठेली और छोटे छोटे व्यापार करने वाले को योजना के तहत लाभ दिलाने के लिए फार्म भरवाया गया। नगर प्रबंधक डूडा अनुप शुक्ला ने बताया कि प्रधानमंत्री स्वनिधि योजना विशेष रूप से स्ट्रीट वेंडर्स को आर्थिक मदद मुहैया करवाने के लिए केंद्र सरकार ने शुरू की है। योजना का लाभ लेने के लिए स्ट्रीट वेंडर्स के वेंडिग आइकार्ड या प्रोविजनल वेंडिग सर्टिफिकेट नगर निगम प्रशासन द्वारा प्रदान किए जाएंगे। इन्हीं के आधार पर बैंक के माध्यम से लोन की प्रक्रिया शुरू होगी। योजना के तहत 10 हजार रुपये का लोन एक स्ट्रीट वेंडर को दिया जाएगा। लोन पर 7 फीसद ब्याज की राशि केंद्र सरकार द्वारा अनुदान स्वरूप वेंडर को दी जाएगी। इस योजना को स्ट्रीट वेंडर्स आत्म निर्भर योजना भी कहा जाता है। इस योजना का लाभ छोटे-छोटे विक्रेता, जो सड़क पर कार्य करते है, उन्हें दिया जाएगा। इस स्कीम के तहत वेंडर, हॉकर, ठेले वाले, रेहड़ी वाले लाभ उठा सकते हैं। इस दौरान जोनल प्रभारी शिव कुमार गौतम, प्रभागीय वार्डन सिविल डिफेंस ट्रांस हिंडन एके ठाकुर, एके जैन, पोस्ट वार्डन एमपी रेड्डी, हरि किशोर, डिप्टी पोस्ट वार्डन नीतिश कुमार व डूडा इंजीनियर अभिषेक कुमार, उमेश कुमार, अजय कुमार, अरविंद कुमार, विशाल कुमार एवं अन्य सिविल डिफेंस नगर निगम डूडा पदाधिकारी उपस्थित थे।
















