गाजियाबाद। इंदिरापुरम कॉलोनी से लापता दसवीं की छात्रा का पुलिस पता नहीं लगा पाई। इससे गुस्साए नागरिकों ने शुक्रवार की देर रात इंदिरापुरम कोतवाली पहुंच कर हंगामा कर दिया। पुलिस के खिलाफ जमकर नारेबाजी की गई। शक्ति खंड-4 में छात्रा सपरिवार रहती है। छात्रा के पिता के मुतातबिक शुक्रवार दोपहर में छात्रा तिकोना पार्क शक्ति खंड-4 में बच्चों के साथ खेल रही थी। दोपहर करीब तीन बजे वह अचानक लापता हो गई। करीब 2 घंटे तक उसे आसपास खोजा गया, लेकिन कोई जानकारी नहीं मिली।
शाम करीब 5 बजे उन्होंने पुलिस कंट्रोल रूम में इसकी सूचना दी। मौके पर पहुंचे पुलिसकर्मी एक-दो घंटे इंतजार करने की बात करके चले गए। इसके बाद शाम करीब सात बजे मामले की नीति खंड पुलिस चौकी में लिखित शिकायत दी। छात्रा की फोटो भी पुलिस को दिया। रात करीब 11 बजे तक मामले में कोई कार्रवाई होती नहीं देखकर वह स्थानीय लोगों के साथ इंदिरापुरम कोतवाली पहुंचे। पुलिसकर्मियों द्वारा मामले को गंभीरता से नहीं लिया।
इस पर लोग नाराज हो गए। गुस्साए लोगों ने पुलिस पर लापरवाही बरतने का आरोप लगाया। पुलिस के खिलाफ कोतवाली के भीतर जमकर नारेबाजी की। पुलिसकर्मी उनका वीडियो बनाने लगे। बावजूद इसके लोग नारेबाजी करके अपने गुस्से का इजहार करते रहे। बाद में कार्रवाई होने का आश्वासन मिलने पर लोग शांत हुए। छात्रा के पिता ने पास की झुग्गी में रहने वाले एक 14-15 साल के किशोर पर शक जाहिर किया है।
उनका शक है कि वह किशोर छात्रा को अपने साथ ले जा सकता है। उन्होंने पुलिस से इस दिशा में जांच कर कार्रवाई करने की मांग की है। पुलिस ने उस किशोर के परिवार के कुछ सदस्यों से पूछताछ की है, लेकिन कोई अहम जानकारी नहीं मिली है। पुलिस क्षेत्राधिकारी इंदिरापुरम अभय कुमार मिश्र ने बताया कि छात्रा की तलाश की जा रही है।















