उपेक्षित पार्क और श्मशान घाट की बदलेगी सूरत: मेयर

गाजियाबाद। कविनगर जोन अंतर्गत शास्त्रीनगर स्थित पार्क और शमशान घाट का जल्द सौंदर्यीकरण होगा। घनी आबादी वाले इस शहर में कोई भी पार्क सही से विकसित नहीं हैं। जहां बैठकर शहरवासी दो पल सुकून के बिता सकें। गुरूवार को मेयर आशा शर्मा ने पार्क का निरीक्षण किया। निरीक्षण के दौरान पार्क में खड़ी घास देखकर पार्क का सौंदर्यीकरण कराने के साथ घास कटाई, रंगाई-पुताई, पैदल ट्रैक का कार्य जल्द शुरू कराने के निर्देश दिए।

शास्त्री नगर तीन मंजिली क्वार्टर के पीछे पार्क का मेयर आशा शर्मा ने नारियल फोड़कर उद्घाटन किया। शास्त्री नगर स्थित शमशान घाट के निरीक्षण के दौरान अनुज चौधरी एवं पार्षद अर्चना सिंह ने मेयर से शमशान घाट में प्लेट फार्म बढ़ाने और सौंदर्यीकरण कराने का प्रस्ताव रखा। मेयर आशा शर्मा ने जल्द ही शमशान घाट पर प्लेटफार्म बढाने और सौंदर्यीकरण कार्य कराने का आश्वासन दिया।

मेयर ने कहा कि पार्क का सौंदर्यीकरण कार्य कराया जा रहा हैं। पार्क के चारों तरफ लाइट लगाई जाएंगी। मेयर आशा शर्मा ने पशु चिकित्सा एवं कल्याण अधिकारी एवं उद्यान प्रभारी डॉ.अनुज कुमार सिंह को निर्देश दिए कि बड़े पेड़ों की छंटाई कराई जाए। जिससे पार्क का सौंदर्यीकरण होने के बाद क्षेत्र की जनता आराम से बैठ सकें। इस दौरान उद्यान प्रभारी डॉ.अनुज कुमार सिंह,पार्षद पति एवं वरिष्ठ पत्रकार अनुज चौधरी, पार्षद अर्चना सिंह,मनीष शर्मा,जेई दिनेश कुमार शर्मा आदि मौजूद रहे।