-नगर आयुक्त के निर्देश पर मौके पर पहुंचे अधिकारी
गाजियाबाद। नगरायुक्त महेंद्र सिंह तंवर के निर्देश पर नगर निगम के मुख्य अभियंता मोइनुद्दीन तथा महाप्रबंधक (जल) योगेश श्रीवास्तव द्वारा शुक्रवार को इलेक्ट्रिक बस चार्जिंग स्टेशन का औचक निरीक्षण किया गया। उत्तर प्रदेश जल निगम की सीएनडीएस इकाई द्वारा इलेक्ट्रिक बस चार्जिंग स्टेशन का निर्माण किया जा रहा है।
इसके मद्देनजर नगर निगम की तकनीकी समिति से मुख्य अभियंता (निर्माण) एवं महाप्रबंधक (जल) द्वारा निर्माण कार्यों का जायजा लिया गया। तकनीकी समिति द्वारा कार्य की गुणवत्ता में असंतोष प्रकट किया गया। निर्माणाधीन इलेक्ट्रिक सब स्टेशन के 2 कॉलम एवं ट्रांसफार्मर यार्ड के 2 कॉलम की गुणवत्ता पर आपत्ति प्रकट की गई। इसके साथ-साथ स्थानों पर ब्रिक वर्क के वर्क मैनशिप पर भी असंतुष्ट दिखाई दिए। मुख्य अभियंता निर्माण मोइनुद्दीन द्वारा बताया गया कि परिसर हेतु निर्मित बाउंड्री वॉल के एक्सपेशन जॉइंट पर भी कुछ स्थानों पर टॉप बैंड कॉस्ट किए गए हैं।
जबकि एक्सपेंशन ज्वाइंट पूर्ण से फ्री होना चाहिए, जिसके लिए निर्देशित किया गया। तकनीकी समिति द्वारा कॉलम गुणवत्ता सही ना होने पर तत्काल ध्वस्त किए जाने के आदेश दिए गए तथा जहां-जहां ब्रिक वर्क में वर्क मैनशिप की कमी उजागर हो रही है, उसे तत्काल ठीक कराने के लिए निर्देशित किया गया। साथ ही निर्मित बाउंड्रीवॉल के एक्सपेंशन ज्वाइंट में जहां-जहां टॉप बैंड आ रहा है, उसे तत्काल तोडऩे के लिए निर्देशित किया गया। उक्त कार्य के लिए 7 दिन का समय उत्तर प्रदेश जल निगम को दिया गया तथा 7 दिवस में अगर कार्य नहीं पूर्ण होता है तो आगामी कार्यवाही के लिए सचेत किया गया। तकनीकी समिति द्वारा कांट्रेक्टर के खिलाफ कार्यवाही करने के लिए भी चेतावनी दी गई।
















