नगर आयुक्त के औचक निरीक्षण से अधिकारियों में हड़कंप

-पार्षदों के साथ क्षेत्र के लोगों की सुनी समस्या, समस्या का समाधान करने के निर्देश

गाजियाबाद। शहर में नगर निगम की खाली पड़ी भूमि का जाजया लेने के लिए नगर ने बुधवार को औचक निरीक्षण किया। इसके साथ ही शहर में नगर निगम द्वारा किए जा रहे कार्यो का भी जायजा लिया। नगर आयुक्त के औचक निरीक्षण से अधिकारियों में भी खलबली मच गई। इस दौरान नगर आयुक्त ने पार्षद एवं क्षेत्र के लोगों की समस्या को सुनकर तत्काल उनका निवारण किया।नगर आयुक्त के निरीक्षण पर संपत्ति विभाग के अधिकारियों ने भी कार्रवाई तेज कर दी है। स्वच्छ भारत मिशन के अंतर्गत नगर आयुक्त महेंद्र सिंह तवर ने एसबीएम नोडल प्रभारी डॉ मिथिलेश कुमार, उद्यान प्रभारी डॉ अनुज कुमार सिंह के साथ विजयनगर जोन तथा मोहन नगर जोन का निरीक्षण किया। निरीक्षण के दौरान संपत्ति विभाग द्वारा वार्ड संख्या-7 सुदामापुरी बिहारीपुरा में नगर निगम की खाली पड़ी भूमि के बारे में अवगत कराया गया। जिस पर कुछ लोगों द्वारा अवैध रूप से अतिक्रमण किया हुआ था। नगर आयुक्त ने अतिक्रमण देख तत्काल प्रभाव से हटाने के अधिकारियों को निर्देश दिए। साथ ही बिहारीपुरा सुदामापुरी वार्ड में भी खाली भूमि पर बाउंड्री करते हुए नगर निगम भूमि का सदुपयोग करने के निदे्र्रश दिए। वार्ड संख्या-7 सुदामापुरी में गोबर कलेक्शन प्लांट बनाने ट्रांसफर स्टेशन बनाने तथा उक्त स्थान की सफाई कराकर उस पर घास लगाकर पार्क के रूप में परिवर्तित करने के निर्देश दिए और शेष बचे हुए स्थान को खेल के मैदान के रूप में व्यवस्थित करने के लिए संबंधित अधिकारी को निर्देश दिए। क्षेत्रीय निवासियों द्वारा खाली भूमि पर पार्क बनाने की मांग की गई। जिस पर उद्यान प्रभारी को नगर आयुक्त द्वारा तत्काल कार्यवाही के निर्देश दिए। विजयनगर जोन की गाडिय़ों की मरम्मत उनके खड़े होने के लिए उचित स्थान उनके रखरखाव के लिए उचित स्थान के लिए संपत्ति विभाग द्वारा अकबरपुर बहरामपुर वार्ड संख्या 35 में भूमि का चयन किया गया। भूमि के विस्तार के अनुसार निर्माण विभाग को कार्यवाही करने के निर्देश दिए गए। उक्त भूमि का नक्शा प्रस्तुत करने के लिए कहा गया तथा नगर निगम के खाली पड़ी 30000 वर्ग मीटर भूमि पर सुविधा को ध्यान में रखते हुए गैराज वाहनों की रखरखाव के लिए वर्कशॉप ई-रिक्शा चार्जिंग स्टेशन तथा अन्य कार्यों के इस्तेमाल में लाने के लिए बाउंड्री वॉल पर अन्य कार्यवाही के लिए आदेश दिया गया।

तिगरी गोल चक्कर से ताज हाईवे तक होगा सौंदर्यकरण
निरीक्षण के दौरान नगर आयुक्त ने निर्माण विभाग को तिगरी गोल चक्कर से ताज हाईवे तक ग्रीन बेल्ट मरम्मत के निर्देश दिए। साथ ही उद्यान विभाग को भी कार्यवाही करने के लिए अवगत कराया गया। क्षेत्रीय निवासियों की अनुरोध पर उक्त स्थल पर सौंदर्यकरण कराने के लिए भी निर्देश दिए। इसमें मुख्य रूप से खराब टायरों का इस्तेमाल करते हुए सौंदर्य करण करने की योजना बनाई जा रही है। विजयनगर जोन के अवर अभियंता सरोज तथा श्रीकांत राणा सहित जोनल प्रभारी को जल्द से जल्द सौंदर्यकरण कार्य करने के निर्देश दिए।

मोहननगर वार्ड संख्या 29 एवं 20 का निरीक्षण
नगर आयुक्त ने पार्षद हरवीर की मौजूदगी में मोहननगर जोन स्थित वार्ड 29 एवं 20 का निरीक्षण किया। वार्ड-29 में उचित सफाई व्यवस्था के साथ-साथ श्मशान घाट की बाउंड्री वॉल को मरम्मत करने के लिए निर्देशित किया गया। पार्षद ने क्षेत्र की समस्या को लेकर नगर आयुक्त को अवगत कराया। जिस पर नगर आयुक्त ने पार्षद की समस्या का जल्द से जल्द समाधान करने के अधिकारियों को निर्देश दिए। इसके साथ वार्ड-20 भोपुरा लाल गेट पर नगर निगम की रिक्त पड़ी भूमि पर खेल का मैदान बनाए जाने के लिए क्षेत्रीय पार्षद विनोद कसाना तथा क्षेत्रीय निवासियों ने नगर आयुक्त से अनुरोध किया। नगर आयुक्त ने संबंधित अधिकारी निर्माण तथा उद्यान प्रभारी को निर्देशित किया कि 1 सप्ताह में उक्त स्थान का बाउंड्री वॉल कार्य पूरा किया जाए। नगर आयुक्त द्वारा शहर भ्रमण के दौरान समस्याओं को सुन उनका समाधान तत्काल कराया गया। जिससे क्षेत्रीय पार्षदों तथा क्षेत्रीय निवासियों ने आभार व्यक्त किया। इस मौके पर संपत्ति अधीक्षक भोलानाथ तथा अन्य टीम उपस्थित रही।