गाजियाबाद। स्वच्छ सर्वेक्षण-2021 के अंतर्गत जनता से सफाई व्यवस्था पर फीडबैक लिया जा रहा है। 10 लाख से ज्यादा जनसंख्या वाले जिलों की श्रेणी में गाजियाबाद फीडबैक में सबसे आगे चल रहा है। फीडबैक की मौजूदा स्थिति से नगर निगम के अधिकारी गदगद नजर आ रहे हैं। मेयर आशा शर्मा, म्युनिसिपल कमिश्नर महेंद्र सिंह तंवर, पार्षदों, गाजियाबाद नगर निगम के समस्त अधिकारी व टीम और आम जनता के अथक प्रयासों से गाजियाबाद फीडबैक में सबसे आगे चल रहा है। म्युनिसिपल कमिश्नर महेंद्र सिंह तंवर ने शहर की जनता का आभार व उत्साह बढ़ाते हुए कहा कि अपने शहर को स्वच्छ सर्वेक्षण-2021 में अव्वल लाने में इसी प्रकार योगदान देते रहें तथा कहीं भी किसी भी प्रकार की स्वच्छता संबंधी, प्रकाश संबंधी, जलकल संबंधित या अन्य संबंधित कोई भी समस्या हो तो वह ईमेल, व्हाट्स-एप, पत्र, फेसबुक, ट्विटर या अन्य किसी भी माध्यम से गाजियाबाद नगर निगम को अवगत करा सकते हैं। महापौर द्वारा गाजियाबाद को गजब गाजियाबाद बनाने के लिए शहर वासियों से कड़ी मेहनत कर स्वच्छता में सहयोग करने की अपील की गई है। गाजियाबाद नगर निगम का सहयोग कर रही टीम हंड्रेड के वॉलिंटियर्स तथा आरडब्ल्यूए पदाधिकारियों का भी विशेष सहयोग प्राप्त हो रहा है।















