-सभी मरीजों को उपलब्ध कराए रेमडेसिविर इंजेक्शन
गाजियाबाद। जनपद में बढ़ते कोरोना संक्रमण के मद्देनजर उत्तर प्रदेश सरकार एवं शासन की मंशा के अनुरूप सभी नागरिकों को कोरोना वायरस के संक्रमण से सुरक्षित बनाने एवं संक्रमित व्यक्तियों का निर्धारित प्रोटोकॉल के अनुरूप इलाज संभव कराने के मकसद से जिला प्रशासन निरंतर कार्रवाई सुनिश्चित कर रहा है। इस कड़ी में कोविड-19 के नोडल अधिकारी सेंथिल पांडियन सी द्वारा महात्मा गांधी सभागार कलेक्ट्रेट में महत्वपूर्ण बैठक की गई। बैठक में प्रशासन, पुलिस, स्वास्थ्य विभाग एवं अन्य संबंधित विभागीय अधिकारियों को निर्देश दिए गए कि वर्तमान में निरंतर स्तर पर कोरोना संक्रमित व्यक्ति की संख्या बढ़ रही है। अत: ऐसी परिस्थितियों में सभी जनपद वासियों को कोरोना वायरस के संक्रमण से सुरक्षित बनाया जा सके और संक्रमित व्यक्तियों को निर्धारित प्रोटोकॉल के अनुरूप इलाज संभव कराने की दिशा में सभी संबंधित अधिकारियों द्वारा विभागीय सामंजस्य स्थापित कर विशेष प्रयास किए जाएं। उन्होंने समीक्षा कर यह भी कहा कि वर्तमान में रेमडेसिविर इंजेक्शन आवश्यकता के आधार पर सभी पात्र मरीजों को यह दवाई उपलब्ध हो। इसके लिए प्रशासन, पुलिस एवं स्वास्थ्य विभाग द्वारा विशेष प्रयास सुनिश्चित कर सभी को आवश्यकता के आधार पर दवाई दिलाने की कार्रवाई सुनिश्चित करें। उन्होंने यह भी कहा कि यदि संबंधित दवाई की कालाबाजारी हो रही है इस दिशा में कड़े कदम उठाकर संबंधित के विरूद्ध कड़ी कार्यवाही प्रस्तावित की जाए। नोडल अधिकारी ने कहा कि जहां जहां पर कोरोना के मरीज मिल रहे हैं, वहां पर सैनिटाइजेशन प्रोटोकॉल के अनुरूप नियमित रूप से सुनिश्चित कराया जाए। वहीं, दूसरी ओर कांटेक्ट ट्रेसिंग के आधार पर सर्वोच्च प्राथमिकता से कोरोना टेस्टिंग का कार्य भी तेजी से किया जाए। कोरोना को लेकर जो मरीज गंभीर रूप से बीमार हैं, उन्हें स्वस्थ करने की दिशा में इलाज संभव कराने की कार्रवाई सभी अधिकारी सुनिश्चित करें। उन्होंने कहा कि सभी चिकित्सालयों में एवं अन्य प्रयासों से बेड की व्यवस्था सुनिश्चित की जाए और बेड बढ़ाने की दिशा में निरंतर कार्रवाई सुनिश्चित की जाए ताकि सभी को कोरोना का इलाज संभव हो सके। बैठक में प्रभारी जिलाधिकारी कृष्णा करुणेश, मुख्य विकास अधिकारी अस्मिता लाल, नगरायुक्त महेंद्र सिंह तंवर, अपर जिलाधिकारी (वित्त एवं राजस्व) यशवर्धन श्रीवास्तव, एसडीएम मोदीनगर ए.के. प्रजापति आदि मौजूद रहे।
















