गाजियाबाद। चिकन प्वाइंट नामक ढाबे में कुक की शर्मनाक हरकत सामने आई है। वह रोटी पर थूक लगाकर तंदूर में सेकता था। कुक की इस हरकत का वीडियो वायरल हो गया। हिंदू रक्षा दल की शिकायत पर पुलिस ने एफआईआर दर्ज कर आरोपी को गिरफ्तार कर लिया है। मामले की जांच चल रही है। पुलिस के मुताबिक घंटाघर कोतवाली क्षेत्र में पंचवटी कॉलोनी के अहिंसा वाटिका में चिकन प्वाइंट के नाम से ढाबा है। इस ढाबे से जुड़ा वीडियो सोशल मीडिया पर वायरल हो रहा है। वीडियो में कुक थूक लगाकर तंदूर में रोटी सेक रहा है।
हिंदू रक्षा दल के प्रदेश संयोजक गौरव सिसौदिया ने इस संबंध में शिकायत की थी। गौरव ने ढाबा संचालक शादाब और साहिल के अलावा तमीजुद्दीन की शिकायत की। पुलिस ने तमीजुद्दीन को गिरफ्तार कर लिया है। वह मूल रूप से किशनगंज बिहार का रहने वाला है। आरोपी इस ढाबे में रोटी बनाने का काम करता है। शिकायत में बताया गया है कि संबंधित वीडियो 2 दिन पुराना है। 59 सेकेंड का यह वीडियो शनिवार की शाम को गौरव सिसौदिया को मिला था। वीडियो दिखाकर शिकायत कर्ता ने ऐसा करने की वजह पूछी तो आरोपियों ने उनके साथ अभद्रता की।
शिकायत मिलने पर पुलिस ने मौके पर जाकर आरोपी को धरदबोचा। पुलिस ने बताया कि वायरल वीडियो में तमीजुद्दीन रोटी को तंदूर में लगाने से पहले उस पर थूकते नजर आ रहा है। पुलिस पूरे मामले की जांच कर रही है। बता दें कि इस प्रकार के मामले पूर्व में भी देश-प्रदेश के विभिन्न हिस्सों में प्रकाश में आ चुके हैं।















