लोनी नगर पालिका के सफाई कर्मियों को तिरपाल, हाईजीन किट वितरित

-एडीएम प्रशासन एवं नगर पालिका परिषद की अधिशासी अधिकारी ने पढाया स्वच्छता का पाठ

गाजियाबाद। लोनी नगर पालिका परिषद के सफाई कर्मचारियों को भारतीय रेड क्रॉस सोसाइटी द्वारा तिरपाल एवं हाईजीन किट का वितरण किया गया। एडीएम प्रशासन एवं नगर पालिका परिषद की अधिशासी अधिकारी ऋतु सुहास ने सभी सफाई कर्मचारियों का स्वच्छता के प्रति समर्पण भाव से काम करने पर उत्साहवर्धन किया।

उन्होंने रेड क्रॉस सोसाइटी द्वारा वितरित की गई किट और कार्यों की प्रशंसा की। एडीएम प्रशासन एवं रेड क्रॉस सोसाइटी की प्रवक्ता पूनम शर्मा ने कहा कि रेड क्रॉस उत्पत्ति द्वितीय विश्वयुद्ध के दौरान हुई थी। जो सेवा कार्यों में अग्रसर है। रेड क्रॉस सोसाइटी के उपाध्यक्ष एवं मुख्य चिकित्सा अधिकारी डॉॅ. भवतोश शंखंधर ने सभी सफाई कर्मचारियों को स्वास्थ्य के प्रति सचेत रहने की सलाह दी। उन्हें रेड क्रॉस सोसाइटी के कार्यकलापों के बारे में भी जानकारी दी। किस तरह से रेड क्रॉस सोसाइटी को सहयोग कर सकते हैं। किस तरह से स्वच्छता का संदेश घर-घर तक पहुंचा सकते हैं।

एडीएम प्रशासन एवं नगर पालिका परिषद की अधिशासी अधिकारी ऋतु सुहास ने कहा सफाई को लेकर सतर्क रहने की जरुरत है। हमें अपने आसपास सफाई का विशेष ध्यान रखना होगा। स्वच्छता का संदेश घर-घर तक पहुंचाने के लिए सबसे पहली इसकी शुरुआत हमें अपने आपसे करनी होगी। जब तक हम खुद से इसकी शुरुआत नही करेंगे, तब तक स्वच्छता का अभियान कभी पूरा नही हो सकता है। अमूमन देखा जाता है कि हम दुसरों को तो स्वच्छता का पाठ पढाते है, मगर खुद उसका पालन नही करते। इसलिए सभी संकल्प लें कि न गंदगी करेंगे और न ही करनें देंगे। इस दौरान सुभाष गुप्ता, सचिव डॉ. किरण गर्ग, डॉ.अनिल गर्ग,राजीव शर्मा, मुनेंद्र, डॉ. पंकज, डॉ. दिनेश आदि मौजूद रहे।