शिक्षक संघ ने किया ऑनलाइन उपस्थिति का विरोध डिजिटल उपस्थिति के विरोध में सैकड़ों शिक्षकों ने कलेक्ट्रेट का किया घेराव

गाजियाबाद। परिषदीय स्कूलों में शिक्षकों का ऑनलाइन उपस्थिति का विरोध लगातार जारी है। ऑनलाइन उपस्थिति के विरोध में गुरुवार को उत्तर प्रदेशीय प्राथमिक शिक्षक संघ के नेतृत्व में सैकड़ों ने शिक्षक-शिक्षिकाओं ने कलेक्ट्रेट पर प्रदर्शन करते हुए जिलाधिकारी के माध्यम से मुख्यमंत्री के नाम ज्ञापन सौंपा। संघ के प्रांतीय उपाध्यक्ष डॉ. अनुज त्यागी ने बताया कि बेसिक शिक्षा परिषद के नियंत्रणाधीन शिक्षक शिक्षिकाओं की पूर्व से लंबित विभिन्न समस्याओं एवं मांगों के संबंध में संगठन द्वारा अनेकों अनेक पत्र शासन व विभाग में विभाग अधिकारियों को उचित माध्यम से प्रेषित किए गए परंतु आज तक किसी भी समस्या का निस्तारण नहीं किया गया बल्कि शासन द्वारा बेसिक शिक्षा परिषद के शिक्षक शिक्षिकाओं से विद्यालय पंजिकाओं का डिजिटाइजेशन व डिजिटल ऑनलाइन से छायांकन उपस्थिति कराए जाने जैसे निर्देश जारी कर दिए गए जो कि पूर्णतया अव्यवहारिक है। सर्वोच्च न्यायालय द्वारा भी ऐसा किया जाना व्यक्ति की निजता का हनन माना गया है। जबकि सचिवालय कर्मचारी, राज्य कर्मचारी, माध्यमिक शिक्षा, उच्च शिक्षा सहित अन्य विभागों में उपस्थिति की अन्य प्रणाली लागू की गई है। ऐसे में परिषदीय शिक्षकों के साथ दोहरा मापदंड अपनाया जा रहा है जो कि न्यायोचित नहीं है।


संघ के जिलाध्यक्ष रविंद्र राणा ने कहा कि सबसे पहले शासन शिक्षकों की लंबित पड़ी समस्याओं का निस्तारण करे जिनमें मुख्यत: परिषदीय शिक्षकों को 14 सीएल, 30 ईएल एवं हाफ सीएल की सुविधा, बिना प्रीमियम कैशलेस चिकित्सा की सुविधा, ससमय स्थानांतरण व पदोन्नति, वेतन विसंगतियों का निराकरण, परिषदीय विद्यालयों में लिपिक एवं चतुर्थ कर्मी की नियुक्ति, शिक्षक शिक्षिकाओं को गैर शैक्षणिक कार्यों से मुक्ति तथा पुरानी पेंशन बहाली की जाए। जिस प्रकार अन्य विभागों में कर्मचारियों की उपस्थिति लिए जाने का प्रावधान है।

उसी प्रकार परिषदीय शिक्षकों की भी उपस्थिति दर्ज कराई जाए अन्यथा संगठन आंदोलन को तीव्र करने पर विवश होगा। इस अवसर पर जिलाध्यक्ष रविंद्र राणा, प्रांतीय उपाध्यक्ष डॉ अनुज त्यागी, वरिष्ठ उपाध्यक्ष आदेश मित्तल, लोनी ब्लाक अध्यक्ष मनोज डागर, मुरादनगर ब्लॉक अध्यक्ष अमित यादव, भोजपुर ब्लॉक अध्यक्ष पुष्पेंद्र सिंह, रजापुर ब्लाक अध्यक्ष मनोज कुमार, धर्मेश जौहर,अमित कुमार, सुनिता खटाना, नीतू नेहरा, अलका सिंह, अर्चना सिरोही, अमित चौधरी, अनुप्रीत, अरविंद, करून कुमार, प्रीती, अनुपमा, मनिला, महेश कुमार, निशा रानी गुलफाम अली, रविन्द्र पाल, गीता शाक्य, नरेश, कनिष्ठा, दिव्या, प्रदीप, विपिन अंजू, बलराज जय प्रकाश, ओमेंद्र, अब्दुल गफ्फार, महेश, प्रवीण, अजय, नूतन, अय्याज अली प्रोमोद, अनुपमा, बबली, सुचेता अर्चना, स्वेता, आशा, रेनू, बबीता देशवाल, ज्ञानेंद्र, राजपाल यादव, शोकीन, अनिता, अरूणा, लक्ष्मी, सुमन, अलका, गुल्लू, आशु, संध्या आदि उपस्थित रहे।