गाजियाबाद। देशभर के टेंट व्यापारियों ने शुक्रवार को लोकसभा स्पीकर ओम बिड़ला से मुलाकात कर लॉकडाउन से जूझ रहें व्यापारियों को राहत देने की मांग की। ऑल इंडिया टेंट डेकोरेटर्स वेलफेयर एसोसिएशन के अध्यक्ष रवि जिंदल के नेतृत्व में टेंट व्यापारियों ने लोकसभा स्पीकर ओम बिड़ला से टेंट व्यापारियों को राहत देने के लिए केंद्र और राज्य सरकारों से बातचीत करने का आग्रह किया। प्रतिनिधि मंडल में राष्ट्रीय वरिष्ठ उपाध्यक्ष अशोक चावला, राष्ट्रीय महासचिव अनिल राव, राजस्थान टेंट एसोसिएशन के अध्यक्ष रास बिहारी शर्मा शामिल थे। अशोक चावला ने बताया कि लोकसभा स्पीकर ने सभी टेंट व्यापारियों की बातों को सुनने के बाद सरकार से बातचीत करने का आश्वासन दिया है। कोरोना के चलते किए गए लॉकडाउन से टेंट, बैंकट हॉल, फार्म हाउस, कैटरर्स एवं इससे जुड़े लाखों व्यापारियों की रोजी-रोटी छिन गई है। 20 मार्च 2020 से कार्य नहीं हो पा रहे हैं। अशोक चावला ने बताया कि टेंट व्यापारियों की ओर से लोकसभा अध्यक्ष को एक मांग पत्र दिया गया। उन्होने बताया गत वर्ष की तरह इस वर्ष भी लॉकडाउन लगने के चलते व्यापार पूरी तरह से ठप होने की कगार पर है।
















