ठाकुरद्वारा फ्लाईओवर स्टंट बाजी ने दो युवकों को पहुुंचाया आईसीयू

-फ्लाईओवर से 20 फीट नीचे गिरे बाइक सवार, हालत गंभीर

गाजियाबाद। नगर कोतवाली क्षेत्र अंतर्गत ठाकुरद्वारा फ्लाईओवर अब बाइक सवार युवकों के लिए जानलेवा साबित होता जा रहा है। ठाकुरद्वारा फ्लाईओवर से गुरूवार की सुबह दो बाइक सवार ऊपर से नीचे आ गिरे। दोनों की हालत नाजुक बताई जा रही है। दोनों को अस्पताल में भर्ती कराया गया है जहां उनकी हालत नाजुक है। पुलिस के अनुसार दोनों किशोर तेज स्पीड बाइक से स्टंटबाजी कर रहे थे। उस दौरान यह हादसा हुआ। वहीं स्थानीय लोगों का कहना है कि फ्लाईओवर के ऊपर कई तीव्र मोड़ हैं, जहां यह हादसे होते हैं।
घंटाघर कोतवाली एसएचओ अमित कुमार खारी ने बताया कि गुरुवार सुबह सूचना मिली की बाइक सवार दो युवक ठाकुरद्वारा फ्लाईओवर से नीचे गिर गए है। सूचना मिलते ही, तत्काल टीम के साथ मौके पर पहुंचे और दोनों युवकों को उपचार के लिए निजी अस्पताल में भर्ती कराया गया।

घायलों की पहचान कैला भट्टा निवासी 19 वर्षीय शहजाद और 16 वर्षीय अजीम के रूप में हुई है। दोनों बिना हेलमेट के तेज स्पीड से बाइक चला रहे थे। एमएमजी हॉस्पिटल के सामने इनकी बाइक फ्लाईओवर के ऊपर साइड वॉल से अचानक टकरा गई और दोनों नीचे सड़क पर आ गिरे। फ्लाईओवर की ऊंचाई करीब 25 फीट है। जैसे ही दोनों युवक नीचे गिरे, जोर की आवाज हुई। आसपास के लोगों ने मौके पर पहुंच कर पुलिस को घटना की जानकारी दी। घायलों को जिला एमएमजी अस्पताल में भर्ती कराया गया। जहां हालत गंभीर देख यशोदा हॉस्पिटल के लिए रेफर कर दिया। यशोदा में फिलहाल दोनों आईसीयू में एडमिट हैं। युवकों के सिर में गहरी चोट आई है। एसएचओ ने बताया कि बाइक सवार दोनों युवकोंं के स्टंटबाजी करने की बात सामने आई है। फ्लाईओवर के पास लगे सीसीटीवी कैमरों की फुटेज चैक की जा रही है। 10 अगस्त को कल्लपुरा निवासी प्रियांशु और कालकागढ़ी निवासी तरुण की बाइक दूधेश्वरनाथ चौकी के ऊपर फ्लाईओवर पर टर्न पर बने डिवाइडर से टकरा गई। नीचे गिरकर एक की मौत हो गई थी।