मुफ्त टीकाकरण अभियान के लिए प्रधानमंत्री-मुख्यमंत्री का आभार: सरदार एसपी सिंह

-जान है तो जहान है अभियान के लिए केन्द्रीय मंत्री नकवी का आभार

गाजियाबाद। प्रधानमंत्रीनरेन्द्र मोदी द्वारा समस्त देशवासियों के लिए आज से मुफ्त टीकाकरण अभियान के लिए मौलाना आजाद एजूकेशन फांउडेशन के सदस्य सरदार एसपी सिंह ने पीएम एवं मुख्यमंत्री योगी का आभार व्यक्त किया है। श्री सिंह ने यहां सरस्वती शिशु मन्दिर में सेवा भारती द्वारा आयोजित टीकाकरण केंद्र पर अपनी पत्नी सहित टीके की दूसरी डोज लगवाने के बाद कहा कि कोरोना के खिलाफ लड़ाई में केन्द्र की मोदी सरकार हर देशवासी के साथ खड़ी है। गरीब से गरीब व्यक्ति को मुफ्त वैक्सीन लगे ये केन्द्र सरकार का संकल्प है। इस मुफ्त टीकाकरण अभियान का सबसे बड़ा लाभ गरीबों, मध्यम वर्ग, देश के युवाओं को होगा। सभी भारतवासी मिलकर वैक्सीन लगवाएंगे और कोरोना को हरायेंगे।
मोदी जी के प्रभावी मार्गदर्शन में देश वैक्सीनेशन की सफल यात्रा तय कर रहा है। श्री सिंह ने कहा कि अभी भी कुछ लोग व राजनीतिक दल टीकाकरण को लेकर लगातार लोगों को गुमराह कर रहे हैं तथा अल्पसंख्यक व अन्य वर्ग के लोगों में भ्रम फैला रहे हैं, इस प्रकार ये लोग व राजनीतिक दल लोगों की सेहत सलामती के साथ खिलवाड़ कर रहे हैं। उन्होने कहा इस भ्रमजाल को तोडऩे के लिए केन्द्रीय अल्पसंख्यक कार्य मन्त्री मुख्तार अब्बास नकवी के नेतृत्व व मार्गदर्शन में अल्पसंख्यक मन्त्रालय द्वारा आज से रामपुर में जान है तो जहान है अभियान की शुरुआत भी की गई है, इस अभियान में उनके मन्त्रालय के अधीन सभी विभागों के प्रमुखों व सभी धर्मगुरुओं द्वारा कोरोना से बचाव के लिए लोगों को टीकाकरण कराने के लिए जागरूक किया जाएगा। श्री सिंह ने कहा कि जान है तो जहान है अभियान में सभी का सहयोग आवश्यक है, हमारी भी जिम्मेदारी है कि कोरोना से अपने व अपने परिजनों के बचाव के लिए लोगों को टीकाकरण के लिए जागरूक किया जाए। क्योंकि वैक्सीन लगवाना बहुत ही जरूरी है, कोरोना से बचाव के लिए वैक्सीन बहुत बड़ा सुरक्षा कवच है।