रौनक हत्याकांड में फरार आरोपी गिरफ्तार

गाजियाबाद। नंदग्राम थाना क्षेत्र में कैमरा चोरी के आरोप में गढ़ी रोड निवासी किशोर रौनक पुत्र राजकुमार की पीट-पीटकर हत्या के मामले में पुलिस ने मुख्य आरोपी दर्वेश पुत्र चरन सिंह निवासी गांव सिकरोड़ को गिरफ्तार कर लिया। सीओ सेकेंड अवनीश कुमार ने बताया कि नंदग्राम थाना प्रभारी नीरज कुमार सिंह ने टीम के साथ रात करीब साढ़े 8 बजे मेरठ रोड स्थित भट्टा नंबर-5 के पास से दर्वेश को गिरफ्तार किया गया। हत्याकांड को दर्वेश ने अपने भाइयों के साथ मिलकर अंजाम दिया था। हत्याकांड में फरार चल रहे अन्य आरोपितों को जल्द गिरफ्तार किया जाएगा।इन्हें गिरफ्तार करने के लिए  सभी रिश्तेदारों के घर पर दबिश दी जा रही हैं। बता दें कि 23 फरवरी को सिकरोड़ निवासी सत्यवीर की शादी की सालगिरह में हुए आयोजन में रौनक समेत 5 लड़के टेंट व लाइट लगाने गए थे। आयोजन से कैमरा चोरी होने की बात कहकर सत्यवीर,उसका भाई दर्वेश,उनके बेटे व भतीजे समेत 5 लोग 24 फरवरी को रौनक को उसके घर गढ़ी गांव से ले गए थे। गुरूवार की सुबह रौनक का लहूलुहान शव सांगवान हाईट्स राजनगर एक्सटेंशन के पास से मिला था। रौनक के भाई हिमांशु ने पांचों आरोपितों के खिलाफ  हत्या की रिपोर्ट दर्ज कराई थी। दर्वेश ने भाई सत्यवीर की गाड़ी में रौनक के शव को ले जाकर यहां फेंंककर फरार हो गए थे। आरोप था कि कैमरा चोरी के शक में रौनक को बुरी तरह पीटा और यातनाएं भी दी। रौनक के अलावा बाकी चार लड़कों से भी आरोपितों ने मारपीट की थी,इसके बाद अनिल व सुभाष अपने गांव चले गए थे। पुलिस ने आरिफ  व राजा का चिकित्सा परीक्षण करा इसकी रिपोर्ट विवेचना में शामिल कर ली। शुक्रवार को पुलिस ने हत्यारोपितों को शरण देने के आरोप में मिलक रावली गांव निवासी दर्वेश के साले देवेंद्र को गिरफ्तार किया था।नंदग्राम थाना प्रभारी निरीक्षक नीरज कुमार सिंह ने बताया कि रौनक की हत्या का मुख्य आरोपी दर्वेश है,इसे गिरफ्तार कर लिया गया। पुलिस की तीन टीम आरोपितों को गिरफ्तार करने के लिए लगाई गई हैं।