जीडीए आ रहे किसानों को वेव सिटी में प्रशासन ने रोका, धरने पर बैठे

-शुक्रवार को जीडीए में सन सिटी बिल्डर के साथ बैठक कराने का आश्वासन

गाजियाबाद। हाईटेक सिटी उप्पल चड्ढ़ा गु्रप बिल्डर की वेव सिटी-सन सिटी से प्रभावित किसान बुधवार को गाजियाबाद विकास प्राधिकरण (जीडीए) का घेराव करने के लिए जैसे ही निकले। उन्हें जिला प्रशासन एवं भारी संख्या में पुलिस फोर्स ने वेव सिटी में ही रोक लिया।
जिलाधिकारी राकेश कुमार सिंह के निर्देश पर सूचना मिलते ही तत्काल एसडीएम सदर विनय कुमार सिंह एवं भारी संख्या में पुलिस फोर्स वहां पहुंच गई। उन्होंने किसानों को रोक दिया। इससे नाराज किसान वहीं धरना देकर बैठ गए।एसडीएम सदर विनय सिंह भी किसानों के बीच धरने पर बैठते हुए किसानों को समझाते हुए उनकी मांगों का ज्ञापन मांगा, तो नाराज किसानों ने उन्हें ज्ञापन देने से साफ इनकार कर दिया। इस पर एसडीएम ने किसानों को शुक्रवार को जीडीए में सन सिटी बिल्डर के साथ बैठक कराने का आश्वासन दिया। जबकि वेव सिटी बिल्डर के साथ 7 अक्टूबर को बैठक होगी। उनका कहना था कि जिले में धारा-144 लागू है। ऐसे में जीडीए का घेराव व प्रदर्शन करने की अनुमति नहीं दी गई है। एसडीएम के आश्वासन से संतुष्ट किसानों ने अपना धरना समाप्त कर दिया।

बुधवार को भारतीय किसान संगठन एकता के बैनर तले किसानों ने जीडीए कार्यालय का घेराव करने की घोषणा की थी। अपने तय कार्यक्रम के अनुसार योजना से प्रभावित विभिन्न गांव के किसान वेव सिटी स्थित पीर धरना स्थल पर एकत्र होने लगे। ट्रैक्टर-ट्राली लेकर सैकड़ों की संख्या में किसान एवं ग्रामीण महिलाएं वहां पहुंच गई। जैसे ही किसान वहां से जीडीए कार्यालय आने के लिए चले तो पास ही रास्ते में एसडीएम सदर, पुलिस बल व पीएसी जवानों ने किसानों को रोक दिया। इससे नाराज किसानों ने जिला प्रशासन व जीडीए के खिलाफ जमकर नारेबाजी की।

जिलाध्यक्ष लोकेश नागर ने कहा कि किसान शांतिपूर्ण अपनी मांगों को लेकर जीडीए कार्यालय जा रहे थे। उन्हें जाने दिया जाए। जीडीए कार्यालय घेरने और अनिश्चितकालीन धरना देने की घोषणा के बाद से ही जीडीए पुलिस के अलावा एसपी सिटी प्रथम निपुण अग्रवाल, सिहानी गेट थाना प्रभारी निरीक्षक नरेश कुमार शर्मा, मधुबन-बापूधाम थाना प्रभारी मुनेश सिंह भारी संख्या में पुलिस फोर्स के साथ जीडीए कार्यालय के बाहर पहुंच गए। वहीं, सिटी मजिस्ट्रेट गंभीर सिंह भी पहुंचे। इस दौरान महेंद्र प्रधान, बिजेंद्र शर्मा,जीतपाल, एडवोकेट रूपम यादव, कृष्ण यादव, प्रमोद चौधरी, धर्मपाल शर्मा अशोक यादव आदि मौजूद रहे।