– 15वें वित्त आयोग की बैठक में कार्यों को मिली स्वीकृति
गाजियाबाद। जिले में शहर के अलावा नगर पालिका परिषद क्षेत्रों में अब बेहतर तरीके से विकास कार्य कराए जा सकेंगे। मोदीनगर नगर पालिका परिषद और खोड़ा-मकनपुर नगर पालिका परिषद क्षेत्र में अब 19.13 करोड़ रुपए के विकास कार्यों से वहां की सूरत में बदलाव आएगा। मंगलवार को कलेक्ट्रेट स्थित महात्मा गांधी सभागार में जिलाधिकारी राकेश कुमार सिंह ने मोदीनगर नगर पालिका परिषद के लिए 10.73 करोड़ रुपए के विकास कार्यों की स्वीकृति दे दी। वहीं, खोड़ा-मकनपुर पालिका परिषद के लिए 8.40 करोड़ रुपए के विकास कार्यों को कराने की स्वीकृति दी गई। इन दोनों नगर पालिका परिषद क्षेत्र में 19.13 करोड़ रुपए के विकास कार्यों की सौगत दी गई। जिलाधिकारी राकेश कुमार सिंह ने नगर पालिका परिषद मोदीनगर एवं खोड़ा-मकनपुर पालिका परिषद के 15वें वित्त आयोग की बैठक में इन विकास कार्यों को स्वीकृति दी। जिलाधिकारी ने अधिकारियों को निर्देश देते हुए कहा कि दोनों नगर पालिका परिषद में उक्त धनराशि से कराए जाने वाले विकास कार्य पूरी पारदर्शिता एवं निर्धारित समय के साथ गुणवत्तापूर्ण तरीके से कार्य कराए जाए। परिषद क्षेत्र में कराए जाने वाले विकास कार्यों में गुणवत्ता खराब पाए जाने पर संबंधित अधिकरी के खिलाफ सख्त कार्रवाई की जाएगी। इसलिए पारदर्शिता से कार्य पूरे कराए जाएं। इन विकास कार्यों के पूरे होने के बाद दोनों नगर पालिका परिषद के क्षेत्र के लोगों को इनका लाभ मिल सकेगा। उन्होंने कहा कि इस धनराशि परिषद क्षेत्र में सफाई उपकरणों को खरीदा जाएगा। वहीं,नाली-नालों का निर्माण,खडंज़ा,इंटरलॉकिंग टाइल्स,पेयजल आपूर्ति,कूड़ा निस्तारण आदि कार्यों को कराया जाएगा। जिलाधिकारी राकेश कुमार सिंह ने अधिशासी अधिकारी एवं निर्माण करने वाली एजेंसी के प्रतिनिधियों को निर्देश दिए कि वह संबंधित अधिकारियों के द्वारा सभी स्वीकृत कार्यों को निर्धारित समय अवधि में पूरी पारदर्शिता एवं मानकों के अनुरूप कार्य कराएं। जिलाधिकारी ने निर्देशित किया कि अगर विकास कार्यों में गुणवत्ता खराब पाई गई और मानकों के अनुरूप कार्य नहीं हुए तो संबंधित अधिकारी के खिलाफ कड़ी कार्रवाई की जाएगी। उन्होंने एडीएम एवं एसडीएम को निर्देश दिए कि वह समय-समय पर विकास कार्यों का मौके पर जाकर निरीक्षण करें। कार्यों की गुणवत्ता के संबंध में नियमित स्तर पर जांच सुनिश्चित करेंगे। ताकि सभी विकास कार्य मुख्यमंत्री की मंशा के अनुरूप निर्धारित समय अवधि में पूरा कराए जा सके। इस मौके पर एडीएम प्रशासन ऋतु सुहास, अपर नगर मजिस्ट्रेट सेकेंड विनय कुमार सिंह, मोदीनगर नगर पालिका परिषद के अधिशासी अधिकारी शिवराज सिंह, खोड़़ा-मकनपुर नगर पालिका परिषद के अधिशासी अधिकारी कृष्णकांत मिश्रा आदि मौजूद रहे।
















