पं अजय शंकर प्रसन्ना की बांसुरी से कृष्णमय हुआ वातावरण

-नेहरू वर्ल्ड स्कूल में स्पिक मैके विशेष संगीत कार्यक्रम का आयोजन

गाजियाबाद। शास्त्री नगर स्थित नेहरू वर्ल्ड स्कूल में स्पिक मैके के सहयोग से गुरुवार को एक विशेष संगीत कार्यक्रम का आयोजन किया गया। जिसमें प्रख्यात बांसुरी वादक पं अजय शंकर प्रसन्ना ने अपनी कला का अद्भुत प्रदर्शन किया। पं प्रसन्ना जो तीन बार ग्रैमी नामांकित और अटल सम्मान से सम्मानित हैं। भारतीय शास्त्रीय संगीत के बनारस घराने की समृद्ध परंपरा का प्रतिनिधित्व करते हैं। वे आकाशवाणी के टॉप ग्रेड कलाकार हैं और संगीत नाटक अकादमी अवार्ड एवं पद्म विभूषण से सम्मानित पं हरि प्रसाद चौरसिया के गुरु, पं भोलानाथ प्रसन्ना जी के सुपुत्र एवं शिष्य हैं। इस कार्यक्रम में पं प्रसन्ना का साथ तबले पर रमीज रजा ने दिया।

जिनके सहयोग से प्रस्तुति और भी भावपूर्ण हो गई। अतिथियों का स्वागत एवं सम्मान नेहरू वल्र्ड स्कूल की कार्यकारी प्रमुख सुजन होम्स और निदेशक प्रशासन केपी सिंह ने शॉल और पुष्प देकर किया। पं अजय प्रसन्ना का यह प्रदर्शन न केवल संगीत बल्कि एक शिक्षाप्रद अनुभव भी रहा। उनकी बांसुरी की मधुर धुनों ने कक्षा 9 और 11 के छात्रों को एक घंटे से भी अधिक समय तक मंत्रमुग्ध रखा। पं प्रसन्ना ने भारतीय शास्त्रीय संगीत के विभिन्न पहलुओं पर छात्रों को जानकारी दी। जैसे कि रागों की संरचना, सुरों का संयोजन और संगीत की गहरी परंपरा। उन्होंने छात्रों को संगीत का व्यावहारिक ज्ञान देने के लिए अपने वादन को अत्यंत संवादात्मक रखाए जिससे बच्चे भी इस अनुभव का हिस्सा बन सके। छात्रों ने विशेष रूप से पं प्रसन्ना की सादगी और सहजता से प्रभावित होकर भारतीय शास्त्रीय संगीत को करीब से समझने का अवसर पाया।

उनके सवालों का उत्तर देते हुए पं प्रसन्ना ने हर जानकारी को सरल और रोचक बना दिया, जिससे छात्रों में शास्त्रीय संगीत के प्रति न केवल रुचि बल्कि एक नई समझ भी विकसित हुई। इस आयोजन ने बच्चों को संगीत के प्रति एक गहरे जुड़ाव का अनुभव कराया और भारतीय सांस्कृतिक धरोहर को आत्मसात करने का एक अनमोल अवसर प्रदान किया। कार्यक्रम का समापन धन्यवाद ज्ञापन के साथ हुआ, जिसे वरिष्ठ विंग की विंग हेड मंजुला सिंह ने प्रस्तुत किया। जिसमें उन्होंने शास्त्रीय कलाकारों को कोटि-कोटि धन्यवाद दिया। जिन्होनें नई पीढ़ी को भारतीय सांस्कृतिक विरासत समझाने की जिम्मेदारी उठाई है। स्कूल ने इस अद्भुत आयोजन के लिए सिटी कोऑर्डिनेटर आभा बंसल को भी धन्यवाद दिया। जिनके सहयोग से यह कार्यक्रम सफलतापूर्वक सम्पन्न हो सका।