प्रशासन का मूल उद्देश्य नागरिकों को सशक्त बनाना: डीएम

-लाल बहादुर शास्त्री नेशनल एकेडमी आफ एडमिनिस्ट्रेशन मसूरी के 97वें आधारभूत प्रशिक्षण के 6 प्रशिक्षु अधिकारियों की जनपद स्तरीय बैठक

गाजियाबाद। लाल बहादुर शास्त्री नेशनल एकेडमी आफ एडमिनिस्ट्रेशन मसूरी के 97वें आधारभूत प्रशिक्षण के 6 प्रशिक्षु अधिकारियों की जनपद स्तरीय बैठक रविवार को जिलाधिकारी राकेश कुमार सिंह की अध्यक्षता में कलेक्ट्रेट के महात्मा गांधी सभागार में संपन्न हुई। प्रशिक्षु अधिकारियों का फील्ड स्टडी एंड रिसर्च प्रोग्राम (एफएसआरपी) 24 सितंबर से 30 सितंबर तक जनपद में निर्धारित है जिसमें प्रशिक्षु अधिकारियों को ग्राम अध्ययन के उद्देश्य से एक गांव आवंटित किया गया है। जिसके अंतर्गत जनपद में ग्राम भटजन पलौता को ग्राम अध्ययन के लिए आवंटित किया गया। प्रशिक्षु अधिकारी गांव में रहने के दौरान ग्रामीण जीवन, उनकी संस्कृति, विकास प्रक्रिया और ग्रामीण समुदायों द्वारा उनके दैनिक जीवन में आने वाली समस्याओं के बारे में जानकारी प्राप्त करेंगे। जिलाधिकारी राकेश कुमार सिंह ने बताया कि प्रशासन का मूल उद्देश्य नागरिकों को सशक्त बनाना, सरकार के कामों में पारदर्शिता, उत्तरदायित्व को बढ़ावा देना, भ्रष्टाचार को नियंत्रित करना और वास्तविक अर्थों में हमारे लोकतंत्र को लोगों के लिए कामयाब बनाना है। उन्होने सभी प्रशिक्षु अधिकारियों को ईमानदारी पूर्वक जनहित व शासन की मंशानुसार देश के विकास में काम करने के लिए प्रेरित किया।

जिलाधिकारी ने प्रशिक्षु अधिकारियों को प्रशासन की सांविधिक प्रकृति व उनकी कार्यप्रणाली से बारीकी से परिचय कराया। जिलाधिकारी ने जिला स्तरीय अधिकारियों को निर्देशित किया कि प्रशिक्षु अधिकारी को विभिन्न विभागों द्वारा संचालित जनकल्याणकारी योजनाओं की जमीनी स्तर से जानकारी प्राप्त कराया जाना सुनिश्चित कराएं। इस अवसर पर विभिन्न विभागों के जिलास्तरीय अधिकारियों द्वारा प्रशिक्षु अधिकारियों को अपने विभाग से संबंधित संचालित योजनाओं की जानकारी प्रदान की गई एवं प्रशिक्षु अधिकारियों के द्वारा योजनाओं से संबंधित पूछे गए प्रश्नों का उत्तर दिया गया।

जनपद में आए हुए प्रशिक्षु अधिकारियों में गजानन बाले आईएएस, शुभम शुक्ला आईएएस, सैम वर्गीज आईपीएस, राहुल मिश्रा इंडियन फॉरेस्ट सर्विसेज, आयुष भदौरिया आईआरएस एवं आशीष इंडियन फॉरेन सर्विसेज अपने जनपद भ्रमण कार्यक्रम के दौरान 30 सितंबर तक जनपद में रहकर विभिन्न विभागों द्वारा संचालित की जा रही जन कल्याणकारी योजनाओं का भौतिक प्रशिक्षण लेंगे। इस मौके पर उप जिलाधिकारी मोदीनगर शुभांगी शुक्ला, मुख्य चिकित्साधिकारी डॉ भवतोष शंखधर, परियोजना निदेशक डीआरडीए पीएन दीक्षित, जिला विकास अधिकारी, जिला बेसिक शिक्षा अधिकारी विनोद मिश्र, जिला उद्यान अधिकारी, जिला रोजगार अधिकारी, जिला पूर्ति अधिकारी, डीएसओ डॉ आरके गुप्ता, जिला कार्यक्रम अधिकारी, मुख्य पशु चिकित्साधिकारी, जिला समाज कल्याण अधिकारी, दिव्यांगजन सशक्तिकरण अधिकारी, जिला प्रोबेशन अधिकारी उपस्थित रहे।