कारोबारी ने बरामदे को घेरकर बनाई दुकान, निगम ने किया ध्वस्त

गाजियाबाद। नगर निगम प्रवर्तन दस्ते की टीम ने शुक्रवार को नगर निगम की नेहरूनगर स्थित मार्केट में जवाहर लाल नेहरू स्टेडियम के सामने बरामदे की जगह पर कब्जा कर बनाई गई पक्की दुकान को जेसीबी मशीन चलाकर ध्वस्त कर दिया। निगम की इस कार्रवाई के चलते कारोबारी जेसीबी मशीन के सामने लेट गया। व्यापारियों ने नगर निगम अधिकारियों की टीम का घेराव करते हुए जमकर नारेबाजी करने लगे। दरअसल, नगर आयुक्त महेंद्र सिंह तंवर से बरामदे केा घेरकर दुकान का निर्माण करने की शिकायत की गई थी। शुक्रवार को नगर आयुक्त महेंद्र सिंह के निर्देश पर नगर निगम के सिटी जोनल प्रभारी सुधीर कुमार शर्मा,प्रवर्तन दल प्रभारी कर्नल दीपक शरण एवं प्रवर्तन दस्ते की टीम ने नगर निगम की मार्केट में सुरेंद्र द्वारा बनाई गई बरामदे की जगह को घेरकर दुकान को ध्वस्त किया गया। इस संबंध में अपर नगर आयुक्त एवं संपत्ति प्रभारी आरएन पांडेय ने तीन दिन पहले अतिक्रमण हटाने का नोटिस जारी किया था। बावजूद इसके दुकान नहीं हटाई गई। नोटिस के बाद शटर लगाकर दुकान बना ली गई। सिटी जोनल प्रभारी सुधीर शर्मा, संपत्ति अधीक्षक भोलानाथ गौतम के नेतृत्व में टीम ने दुकान तोड़कर बरामदे को कब्जामुक्त कराया गया। अवैध निर्माण करने एवं निगम की संपत्ति को हुए नुकसान के संबंध में नोटिस दिया जा रहा है। दुकान तोडऩे को लेकर वहां पर जमकर हंगामा किया।नगर आयुक्त के आदेश पर गांधीनगर में भी अतिक्रमण हटाया गया।

दुहाई में 9 करोड़ की जमीन कब्जामुक्त:
मेयर आशा शर्मा एवं नगर आयुक्त महेंद्र सिंह के आदेश पर शुक्रवार को नगर निगम की संपत्ति विभाग की टीम ने बड़ी कार्रवाई करते हुए वार्ड-46 दुहाई में खसरा नंबर-518/3 में करीब 3210 वर्गमीटर जमीन कब्जा किए जाने के चलते जेसीबी चलाकर और ट्रैक्टर से जुताई कर जमीन को कब्जामुक्त कराया गया। नगर आयुक्त महेंद्र सिंह ने बताया कि दुहाई निवासी कृष्णपाल द्वारा सरकारी जमीन पर कब्जा कर इसे खेत के रूप में जोत दिया था। इस जमीन को कब्जामुक्त कराया गया। कब्जा मुक्त कराई गई इस जमीन की करीब 9 करोड़ रुपए कीमत हैैं। नगर आयुक्त ने कहा कि निगम सीमा क्षेत्र में आने वाली सरकारी भूमि को कब्जामुक्त कराने की कार्रवाई आगे भी जारी रहेगी।