पर्यावरण सुधारने की मुहिम, नगरायुक्त ने संभाली कमान

गाजियाबाद। शहर में पर्यावरण सुधार के लिए नगरायुक्त महेंद्र सिंह तंवर के नेतृत्व में रविवार को विभिन्न विभागों के अधिकारियों ने औचक निरीक्षण किया। आईएएस अधिकारी नगरायुक्त तंवर की अगुवाई में यह टीम कविनगर जोन में पहुंची। कविनगर जोन के अंतर्गत सेक्टर-23 संजय नगर स्थित एएलटी बस अड्डा का भ्रमण किया गया। इसके बाद डस्ट कंट्रोल के लिए नगरायुक्त द्वारा संबंधित अधिकारी को जरूरी निर्देश दिए गए।

नगरायुक्त तंवर ने एएलटी बस स्टैंड के आस-पास बेहतर व्यवस्था करने के लिए कार्ययोजना बनाने पर जोर दिया है। इसके अलावा अन्य विभाग को भी उक्त स्थल पर निरीक्षण कर कार्यवाही करने के लिए पत्राचार किए जाने के निर्देश दिए गए हैं। निरीक्षण के दौरान नगरायुक्त महेंद्र सिंह तंवर के अलावा एआरटीओ राघवेंद्र सिंह, अपर नगरायुक्त प्रमोद कुमार, क्षेत्राधिकारी उत्सव आदि मौजूद रहे। उधर, शहर में पर्यावरण की हालत को सुधारने के लिए नगर निगम स्तर से निरंतर काम किया जा रहा है। पर्यावरण को नुकसान पहुंचाने वालों को चिन्हित कर कार्रवाई की जा रही है।

नगर निगम के कविनगर, सिटी, विजय नगर, मोहन नगर एवं वसुंधरा जोन में जल एवं वायु प्रदूषण रोकने को ठोस कदम उठाए गए हैं। इसके सकारात्मक परिणाम भी सामने आए हैं। नगरायुक्त तंवर का कहना है कि पर्यावरण सुधार के लिए जो भी कदम जरूरी होंगे, वह निश्चित रूप से उठाए जाएंगे। किसी को भी पर्यावरण से खिलवाड़ करने नहीं दिया जाएगा। शहर को साफ-सुथरा एवं हरा-भरा रखने को प्रयार जारी हैं। मानसून के मौसम में रोपित किए गए पौधों की देखभाल कराई जा रही है।