20 करोड़ की नंदग्राम में सामुदायिक भवन को निगम ने कराया कब्जा मुक्त

-नगर निगम की 1 इंच भूमि पर कब्जा नही होगा बर्दाश्त: सुनीता दयाल

गाजियाबाद। नगर निगम की जमीन पर कब्जा कर बैठे भूमाफियाओं के खिलाफ महापौर ने कार्रवाई तेज कर दी है। इसी क्रम में बुधवार को महापौर के निर्देशन में शहर में भू माफियाओं से निगम अधिकारियों ने अपनी भूमि खाली कराई। नंदग्राम स्थित अम्बेडकर भवन (सामुदायिक भवन) जोकि बहुत समय से कब्जे में था। जिसकी जानकारी मिलने पर तुरंत संपत्ति विभाग के अधिकारियों द्वारा भवन को खाली कराया गया। उक्त भवन की भूमि 2000 वर्गमीटर है और उसकी कीमत लगभग 20 करोड़ की है। उपरोक्त सामुदायिक भवन की पर्ची अब नगर निगम द्वारा काटी जाएगी।

महापौर सुनीता दयाल एवं नगर आयुक्त के निर्देशन में लगातार नगर निगम अपनी भूमि को कब्जे मुक्त करा रहा है और जरूरत पड़ने पर भू माफियाओं को जेल भेजने की भी कार्रवाई कर रहा है। महापौर सुनीता दयाल द्वारा शहर में निगम की भूमि कब्जा करने वालों के खिलाफ कार्यवाही की जा रही है और निगम अधिकारियों को निर्देशित किया कि पहली बार मे कब्जा मुक्त कराया जाए। फिर भूमि पर कब्जा होने पर दोबारा कब्जा हटवाया जाए और फिर भी भूमाफिया न माने तो एफआईआर कर जेल भेजा जाए। नगर निगम की जमीन पर अवैध रुप से कब्जा बिल्कुल बर्दाश्त नही होगा।