ग्रीन बेल्ट में बनी 70 मकानों को निगम ने किया चिन्हित

गाजियाबाद। विजयनगर जोन अंतर्गत प्रताप विहार में ग्रीन बेल्ट की भूमि पर अवैध मकान बनाए जाने के बाद नगर निगम हरकत में आ गया है। नगर निगम ने ग्रीन बेल्ट की भूमि पर 70 अन्य मकानों पर लाल निशान लगाए हैं। नगर निगम की टीम ने पहले प्रताप विहार में ग्रीन बेल्ट की जमीन खाली कराने के लिए 60 मकान तोड़े थे। इन मकानों के बाद अब 70 अन्य मकानों पर लाल निशान लगाए गए है। निगम ने ग्रीन बेल्ट व सरकारी जमीन के दूसरे हिस्से पर बने मकानों का चयन कर लिया है। इस जमीन की पैमाइश कराई गई। नगरायुक्त महेंद्र सिंह तंवर के आदेश पर ग्रीन बेल्ट की जमीन खाली कराई जा रही है। अपर नगरायुक्त एवं संपत्ति प्रभारी आर.एन. पांडेय ने बताया कि चिन्हित किए गए इन मकानों पर जल्द नगर निगम की टीम ध्वस्तीकरण की कार्रवाई करेगी। प्रताप विहार में संतोष मेडिकल कॉलेज के पास नगर निगम ने बीते शुक्रवार और शनिवार को ग्रीन बेल्ट पर बने मकानों को ध्वस्त किया था। विरोध के बीच की गई इस कार्रवाई के दौरान 50 मकान और 10 झुग्गियां ध्वस्त कर ग्रीन बेल्ट खाली कराई गई थी। इस दौरान करीब 200 करोड़ रुपए की जमीन को कब्जा मुक्त कराया गया था। नगर निगम की टीम ने प्रताप विहार पहुंंच कर ग्रीन बेल्ट के दूसरे हिस्से पर बने पक्क मकान आदि निर्माण को चिन्हित किया है। इस जमीन की पैमाइश कराई गई। अपर नगरायुक्त का कहना है कि ग्रीन बेल्ट की सरकारी जमीन पर किए गए अवैध कब्जे को जल्द हटाया जाएगा। अवैध निर्माण को चिन्हित कर लाल निशान लगाए जाएंगे। वहां करीब 70 मकान ग्रीन बेल्ट की भूमि पर बनाए गए हैं।