गाजियाबाद। नगर निगम की भूमि पर नंदग्राम के मरियम नगर में बनाए गए अवैध भवनों पर अब कार्रवाई की तैयारी चल रही है। प्रॉपर्टी विभाग द्वारा कराए गए सर्वे में पाया गया कि नगर निगम की भूमि पर 123 मकान अवैध तरीके से बना लिए गए। इन सभी के खिलाफ नगर निगम अब प्रॉपर्टी प्रोटेक्शन एक्ट के तहत जल्द केस दर्ज करा सकता है। अपर नगर आयुक्त एवं संपत्ति प्रभारी आर.एन. पांडेय ने बताया कि इस मामले में 5 अपै्रल को कोर्ट में सुनवाई होनी है। जांच में पता चला है कि एक भूमाफिया ने लोगों को अपनी भूमि के खसरे से प्लॉट की रजिस्ट्री की। जबकि बाद में जिन लोगों को जमीन बेची गई, उस जमीन पर नगर निगम की जमीन पर कब्जा दे दिया गया। ऐसा कोई सबूत मिल जाए कि भू-माफिया ने सरकारी जमीन की रजिस्ट्री प्राइवेट लोगों को की है। मरियम नगर नंदग्राम कॉलोनी में 123 मकान निगम की भूमि पर बने होने के सबूत जुटा लिए हैं। इनके खिलाफ अब नगर निगम पीपी एक्ट-1972 के तहत कार्रवाई की जाएगी। इन सभी लोगों को पहले कारण बताओ नोटिस जारी किए जाएंगे। इसके बाद बेदखली की कार्रवाई की जाएगी। नगर निगम की कार्रवाई की संभावना से मरियम नगर में रहने वालों की नींद उड़ी हुई हैं।















