बदमाश आपस में कर रहें थे जेई को गोली मारने की बात
गाजियाबाद। कविनगर थाना क्षेत्र में दिनदहाड़े घर में घुसकर रिटायर्ड अवर अभियंता (जेई) के साथ तीन बदमाशों ने मारपीट कर मफलर से गला दबाकर जान से मारने का प्रयास किया। यही नहीं बदमाश आपस में जेई को गोली मारने की बात भी कर रहे थे। इस बीच पुलिस की गाड़ी का सायरन सुनकर बदमाश भाग गए। आरकेपुरम गोविंदपुरम निवासी सत्यपाल सिंह (64) विद्युत विभाग में जेई के पद से रिटायर्ड हैं। सत्यपाल के बेटे विनय कुमार ने बताया कि उनके बराबर में 2 मकान हैं। एक मकान खाली है, जबकि दूसरे मकान में परिवार रहता है।
पिता पड़ोस के मकान में चले जाते हैं। वहीं पर वह आराम करते हैं। उन्होंने बताया कि शनिवार को भी पिता बराबर के मकान में थे। तभी वहां 3 बदमाश पहुंचे और पिता का नाम लेकर उन्हें बुलाया। जिस पर सत्यपाल ने उन्हें अंदर आने के लिए कहा। बताया गया है कि वहां आने के बाद तीनों बदमाशों ने रिटायर्ड जेई सत्यपाल के साथ मारपीट शुरू कर दी। उनके गले में पड़े मफलर से गला दबाने का प्रयास किया गया। इस दौरान एक बदमाश के पास हथियार था, जिसे दूसरा बदमाश गोली मारने की बात कह रहा था। इस दौरान उधर से गुजर रही पुलिस की गाड़ी का सायरन सुनकर बदमाश भाग खड़े हुए। उसके बाद सत्यपाल सिंह ने शोर मचा दिया। शोर सुनकर पड़ोस के परिवार के लोगों के साथ अन्य नागरिक वहां आ पहुंचे और पुलिस को घटना की सूचना दी। जानकारी मिलने पर पुलिस मौके पर पहुंची और जांच-पड़ताल की। कविनगर थाना प्रभारी अजय सिंह ने बताया कि बदमाश सीसीटीवी कैमरे में कैद हो गए हैं। फुटेज के आधार पर आरोपियों की तलाश की जा रही है। पीडि़त पक्ष की शिकायत पर रिपोर्ट दर्ज कर कार्रवाई की जाएगी।















