नगर निगम कर्मचारी यूनियन के चुनाव की तारीख का हो गया एलान 9 सितंबर को नामांकन और 17 को आएगा चुनाव परिणाम

– मुख्य निर्वाचन अधिकारी विशाल गौरव ने बताया कि निष्पक्ष और पारदर्शी होगी चुनाव प्र्रक्रिया 8 सितंबर को होगा वोटर लिस्ट का प्रकाशन

उदय भूमि ब्यूरो
गाजियाबाद। नगर निगम कर्मचारी यूनियन के चुनाव की तारीखों का एलान हो गया है। सोमवार को मुख्य निर्वाचन अधिकारी विशाल गौरव ने यूनियन चुनाव के कार्यक्रमों की जानकारी दी। विशाल गौरव ने बताया कि 9 सितंबर को नामांकन दाखिल होगा और 17 सितंबर को मतदान होगा। मतदान पूरा होने के बाद उसी दिन देर शाम तक चुनाव परिणाम जारी कर दिये जाएंगे। चुनाव की तारीखों का ऐलान होने के साथ ही निगम कर्मचारी उत्साहित हो गये हैं। कर्मचारियों के कई गुट अपने पैनल और प्रत्याशी की सूची बनाने में जुट गये हैं।

गाजियाबाद नगर निगम कर्मचारी संघ के महामंत्री नितिन भारद्वाज द्वारा 2 सितंबर को नगर निगम के नवयुग मार्कट स्थित मुख्य कार्यालय में कर्मचारियों की आम सभा बुलाई गई थी। आम सभा में लगभग 220 कर्मचारी शामिल हुए और सभी ने सर्वसम्मति से विशाल गौरव को मुख्य निर्वाचन अधिकारी बनाने का निर्णय लेते हुए उन्हें चुनाव की तारीख तय करने की जिम्मेदारी सौंपी थी। मुख्य निर्वाचन अधिकारी ने बताया कि कर्मचारियों से बातचीत और अन्य कारणों को ध्यान में रखते हुए चुनाव की तिथि का निर्धारण किया गया। कर्मचारी यूनियन का कार्यकाल तीन वर्षों का होगा और यूनियन की चुनी हुई कार्यकारिणी सितम्बर 2022 से सितम्बर 2025 तक नगर निगम कर्मचारियों का प्रतिनिधित्व करेगी। चुनाव प्रक्रिया को लेकर विनोद कुमार त्यागी और ब्रजमोहन सिंघल को सहायक चुनाव अधिकारी नियुक्त किया गया है। दोनों चुनाव प्रक्रिया के काम में मुख्य निर्वाचन अधिकारी का सहयोग करेंगे।

विदित हो कि गाजियाबाद नगर निगम कर्मचारी संघ नगर निगम की सबसे प्रभावी कर्मचारी यूनियन है। यूनियन के 8 पदों के लिए वोट के जरिये नेता का चयन होगा। अध्यक्ष, उपाध्यक्ष, महामंत्री, उपमंत्री, संगठन मंत्री, प्रचार मंत्री, कोषाध्यक्ष, कार्यालय मंत्री के पद के लिए चुनाव होगा। विशाल गौरव ने बताया कि 5 सितंबर 2022 से यूनियन चुनाव के लिए आदर्श आचार संहिता लागू हो गई है और चुनाव प्रकिया भी शुरू हो गई है। 6 सितंबर से 7 सितंबर तक सदस्यता कार्यक्रम चलेगा। 8 सितंबर को सदस्यता सूची (वोटर लिस्ट) का सुबह 11 बजे प्रकाशन किया जाएगा। दोपहर 12 बजे तक आपत्तियां प्राप्त की जाएगी और आपत्तियों के निस्तारण के बाद शाम 4 बजे अंतिम सूची का प्रकाशन किया जाएगा। 9 सितंबर को सुबह 9 बजे से 11 बजे तक नामांकन हेतु फार्म जारी किये जायेगें। 11 बजे से दोपहर एक बजे तक प्रत्याशी नामांकन पत्र भरकर जमा करेंगे। दोपहर 2 बजे से 3 बजे तक नाम वापसी का समय रहेगा और शाम 4 बजे से 5 बजे तक चुनाव चिन्ह आवंटित किये जाएंगे। मुख्य चुनाव अधिकारी ने बताया कि 17 सितंबर को सुबह 9 बजे से शाम 4 बजे तक मतदान होगा और शाम 5 बजे के बाद वोटों की गिनती की जाएगी।