- ग्राम प्रधान ने किया शिविर का शुभारंभ, शिक्षकों ने निभाई अहम भूमिका
उदय भूमि संवाददाता
गाजियाबाद। सुंदरदीप कॉलेज ऑफ मैनेजमेंट टेक्नोलॉजी के शिक्षा संकाय द्वारा ग्राम अटौर, गाजियाबाद में बी.एड. एवं डी.एल.एड. छात्र-छात्राओं के लिए एक दिवसीय सामुदायिक शिविर का आयोजन किया गया। इस शिविर के माध्यम से छात्रों ने नुक्कड़ नाटक, रैली और ग्रामीणों से संवाद के जरिए समाज के ज्वलंत मुद्दों जैसे निरक्षरता, दहेज प्रथा और वैश्विक महामारी पर जागरूकता बढ़ाने का प्रयास किया। शिविर का शुभारंभ ग्राम प्रधान श्री रणबीर चौधरी ने फीता काटकर किया। इस अवसर पर एस.डी.जी.आई. ग्लोबल यूनिवर्सिटी के कुलपति प्रो. (डॉ.) प्रसेंनजीत कुमार ने कहा कि ऐसे शिविरों से छात्रों में नेतृत्व क्षमता का विकास होता है। संस्थान के प्रति कुलपति पीयूष श्रीवास्तव (आई.जी. पुलिस, से.नि.) ने शिविर के महत्व को रेखांकित करते हुए कहा कि ऐसी गतिविधियाँ शिक्षा के अधिकार और समाज में समानता की भावना को बढ़ावा देती हैं।
शिक्षा और समुदाय के बीच मजबूत संबंध
कॉलेज के प्राचार्य डॉ. अवधेश प्रताप सिंह ने कहा कि सामुदायिक शिविर शिक्षकों और समाज के बीच सेतु का कार्य करते हैं और भावी शिक्षकों के लिए यह अनुभव अत्यंत महत्वपूर्ण होता है। इस अवसर पर ग्राम के गणमान्य व्यक्ति, प्राथमिक विद्यालय के शिक्षक एवं शिक्षिकाएं भी उपस्थित रहे। शिविर का संचालन पूजा (सहायक प्रोफेसर), नेहा चौधरी (विभागाध्यक्ष) और वीनस त्यागी ने किया। उन्होंने छात्रों को शिक्षित भारत की दिशा में कार्य करने के लिए प्रेरित किया और सामाजिक जागरूकता बढ़ाने की आवश्यकता पर जोर दिया।

















