आम सभा से पहले ही चुनाव लड़ने के इच्छुक कर्मचारी पैनल बनाने में जुट गए हैं। वर्तमान में कर्मचारियों के दो गुटों के बीच कांटे की टक्कर दिखाई दे रहा है। एक गुट वर्तमान अध्यक्ष रविंद्र कुमार के नेतृत्व में सक्रिय हैं, वहीं दूसरा गुट अनुराग नागर के नेतृत्व में चुनाव की तैयारी कर रहा है। नगर निगम कर्मचारी संघ गाजियाबाद के महामंत्री नितिन भारद्वाज ने बताया कि 20 अगस्त की शाम 4 बजे नवयुग मार्केट स्थित नगर निगम मुख्यालय परिसर में आम सभा होगी। आम सभा में सभी साथी कर्मचारी अपने विचार रखेंगे। जिसके बाद चुनाव अधिकारी की नियुक्ति करते हुए चुनाव की तारीख की घोषणा की जाएगी।
उदय भूमि संवाददाता
गाजियाबाद। गाजियाबाद नगर निगम कर्मचारी युनियन के चुनाव का बिगुल बज गया है। 20 अगस्त को कर्मचारियों की आम सभा बुलाई गई है। आम सभा में चुनाव की तारीख का ऐलान होगा। यूनियन के वर्तमान पदाधिकारियों का कार्यकाल सितंबर में समाप्त हो जाएगा। ऐसे में कार्यकाल समाप्त होने से पूर्व नए पदाधिकारियों का चुनाव संपन्न करा लिया जाएगा। कर्मचारी यूनियन के पदाधिकारियों का पद काफी महत्वपूर्ण होता है और यही पदाधिकारी कर्मचारियों का नेतृत्व करते हैं। इन पदाधिकारियों के जिम्मे ही कर्मचारियों के हितों की रक्षा का दायित्व होता है। ऐसे में कर्मचारियों के बीच में चुनाव को लेकर गहमा-गहमी शुरू हो गई है।

आम सभा से पहले ही चुनाव लड़ने के इच्छुक कर्मचारी पैनल बनाने में जुट गए हैं। वर्तमान में कर्मचारियों के दो गुटों के बीच कांटे की टक्कर दिखाई दे रहा है। एक गुट वर्तमान अध्यक्ष रविंद्र कुमार के नेतृत्व में सक्रिय हैं, वहीं दूसरा गुट अनुराग नागर के नेतृत्व में चुनाव की तैयारी कर रहा है। हालांकि वर्तमान में दो पैनल के मैदान में उतरने की संभावना जताई जा रही है। लेकिन तीसरे पैनल के आने की संभावना से फिलहाल इंकार भी नहीं किया जा रहा है। कर्मचारी यूनियन के चुनाव को लेकर पिछले दो महीने से पर्दे के पीछे से तैयारियां चल रही थी। आम सभा की बैठक के ऐलान के साथ ही दोनों ही पैनल की तैयारियां और तेज हो गई है। यूनियन के चुनाव को लेकर कर्मचारियों में जबरदस्त जोश रहता है। कर्मचारियों का कहना है कि चुनाव में जो भी जीते वह सब को साथ लेकर चलने वाला होना चाहिये। बहरहाल चुनाव की तारीख को लेकर आम सभा की बैठक का इंतजार करना होगा।

नगर निगम कर्मचारी संघ गाजियाबाद के महामंत्री नितिन भारद्वाज द्वारा जारी पत्र में सभी कर्मचारियों को संबोधित करते हुए कहा गया है कि नगर निगम कर्मचारी संघ गाजियाबाद का कार्यकाल सितम्बर 2025 में पूर्ण होने जा रहा है जिस कारण उक्त अवधि से पूर्व नगर निगम कर्मचारी संघ गाजियाबाद के नये पदाधिकारी गणों का चुनाव कराया जाएगा। नितिन भारद्वाज ने बताया कि 20 अगस्त की शाम 4 बजे नवयुग मार्केट स्थित नगर निगम मुख्यालय परिसर में आम सभा होगी। आम सभा में सभी साथी कर्मचारी अपने विचार रखेंगे। जिसके बाद चुनाव अधिकारी की नियुक्ति करते हुए चुनाव की तारीख की घोषणा की जाएगी।
















