गिरने को तैयार था मकान, नगर निगम ने दिखाई तत्परता

गाजियाबाद। नगर निगम सीमांतर्गत नूर नगर सिहानी में अतिवृष्टि के कारण मकान के आगे की नींव के नीचे की मिट्टी बह जाने के कारण मकान को खतरा पैदा हो गया था। इसका तत्काल संज्ञान लेकर नगर निगम टीम ने बेहतर कार्य कर सफलता प्राप्त की। नगरायुक्त महेंद्र सिंह तंवर द्वारा बताया गया कि अतिवृष्टि के कारण मकान के नीचे की मिट्टी बह गई थी। जिस कारण मकान को खतरा बन गया था। शिकायत प्राप्त होने पर तत्काल संज्ञान लिया गया तथा जलकल और निर्माण विभाग की टीम तथा उत्तर प्रदेश जल निगम टीम को नूरनगर सिहानी में उक्त स्थल पर भेजा गया। टीम द्वारा देर रात तक कार्य कर खीसकी हुई मिट्टी के स्थान पर तत्काल आरएमसी (रेडी मिक्स कंकरीट) को प्लांट से मंगा कर उक्त स्थान पर भरा गया तथा मकान को मजबूती दी गई। निर्माण विभाग से अधिशासी अभियंता देशराज सिंह, जलकल विभाग से अधिशासी अभियंता योगेंद्र कुमार सिंह यादव, उत्तर प्रदेश जल निगम से अधिशासी अभियंता आकाश त्यागी ने मौके पर जाकर युद्ध स्तर पर कार्य किया। इससे मकान को मजबूती मिली। साथ में आसपास के मकानों को होने वाले खतरे से भी बचाया गया, जिसकी मेयर आशा शर्मा तथा नगरायुक्त द्वारा भी प्रशंसा की गई। नगर निगम द्वारा मेयर तथा नगरायुक्त महेंद्र सिंह तंवर के कुशल नेतृत्व में बेहतर कार्य तत्काल निर्णय लेकर किए जा रहे हैं, जो कि बहुत ही प्रशंसनीय हैं।