- विजयनगर में बनेगा दिल्ली-मेरठ एक्सप्रेस वे पार करने के लिए बहुप्रतीक्षित ऊपरगामी पुल
उदय भूमि संवाददाता
गाजियाबाद। शहर विधायक संजीव शर्मा के अथक प्रयास अब धरातल पर उतरने लगे हैं। लंबे समय से विजयनगर क्षेत्र के लोगों की मांग रही थी कि दिल्ली-मेरठ एक्सप्रेस वे को सुरक्षित पार करने के लिए एक ऊपरगामी पुल (ओवरब्रिज) बनाया जाए। इस दिशा में बड़ा कदम उठाते हुए केंद्रीय सड़क एवं परिवहन मंत्री नितिन गडकरी ने संबंधित अधिकारियों को पुल निर्माण की प्रक्रिया शुरू करने के निर्देश जारी कर दिए हैं।
विजयनगर के लोगों को दिल्ली-मेरठ एक्सप्रेस वे पार करने में भारी दिक्कतों का सामना करना पड़ता है। पैदल यात्री, दोपहिया और चारपहिया वाहन चालक प्रतिदिन अपनी जान जोखिम में डालकर सड़क पार करने को मजबूर रहते हैं। विधायक संजीव शर्मा ने जनता की इन परेशानियों को गंभीरता से उठाया और समाधान के लिए लगातार प्रयासरत रहे। अब उनके प्रयास रंग लाने लगे हैं और विजयनगर को शीघ्र ही जाम और हादसों से निजात मिलेगी। विधायक संजीव शर्मा ने केंद्रीय मंत्री नितिन गडकरी को पत्र लिखकर विजयनगर में ओवरब्रिज निर्माण की आवश्यकता का विस्तार से उल्लेख किया था। उन्होंने बताया कि एक्सप्रेस वे पार करने के लिए सुरक्षित विकल्प न होने के कारण दुर्घटनाओं का खतरा हमेशा बना रहता है। गडकरी ने इस समस्या की गंभीरता को समझते हुए तुरंत अधिकारियों को निर्देश दिए। कुछ समय पहले एक्सप्रेसवे से विजयनगर निकासी के पास एक ट्रैफिक पुलिसकर्मी की हादसे में मौत हो गई थी। यह हादसा इस बात का सबूत था कि निकासी का स्थान बेहद छोटा और खतरनाक है। लोगों के जीवन की सुरक्षा को ध्यान में रखते हुए विधायक संजीव शर्मा ने न केवल ओवरब्रिज बल्कि निकासी द्वार को चौड़ा करने की भी मांग की है। इस मांग पर भी नेशनल हाईवे अथॉरिटी ने विचार शुरू कर दिया है। विजयनगर निकासी द्वार की चौड़ाई बढऩे से जहां प्रतिदिन लगने वाले जाम से लोगों को मुक्ति मिलेगी, वहीं सड़क दुर्घटनाओं पर भी अंकुश लगेगा। विधायक ने कहा कि उनका लक्ष्य गाजियाबाद शहर को जाममुक्त और सुरक्षित बनाना है, ताकि नागरिक बिना किसी परेशानी के आवागमन कर सकें। विजयनगर कट पर स्थित प्रसिद्ध दूधेश्वर नाथ मंदिर और समीपवर्ती मवई गांव का नाम नेशनल हाईवे पर लगे बोर्डों में दर्ज कराने की भी पहल विधायक ने की है। इसके लिए भी संबंधित विभाग को पत्र लिखा गया है। यह कदम न केवल श्रद्धालुओं की सुविधा बढ़ाएगा बल्कि क्षेत्र की सांस्कृतिक पहचान को भी मजबूती देगा।
विधायक संजीव शर्मा के मीडिया सलाहकार अजय चोपड़ा ने बताया कि विधायक जी लगातार जनता की समस्याओं को हल करने में लगे रहते हैं। एक्सप्रेस वे पर ओवरब्रिज और निकासी द्वार चौड़ीकरण से विजयनगर और आसपास के लाखों लोगों को राहत मिलेगी। विजयनगर में ओवरब्रिज निर्माण का यह फैसला गाजियाबाद शहर के विकास की दिशा में बड़ा मील का पत्थर साबित होगा। यह उपलब्धि दिखाती है कि जब जनप्रतिनिधि अपनी जिम्मेदारी को समझते हुए सक्रियता और ईमानदारी से प्रयास करते हैं तो जनता की वर्षों पुरानी मांगें भी पूरी हो जाती हैं।

















