-सार्वजनिक भूमि कब्जामुक्त कराने को डीएम ने दिए अधिकारियों को निर्देश
गाजियाबाद। जनपद में सरकारी एवं सार्वजनिक भूमि पर भू-माफियाओं द्वारा किए गए कब्जे से अब जमीनें कब्जामुक्त कराने की कार्रवाई की जाएगी। मंगलवार को कलेक्ट्रेट स्थित महात्मा गांधी सभागार में जिलाधिकारी राकेश कुमार सिंह ने अधिकारियों की मौजूदगी में एंटी भू-माफिया टास्क फोर्स समिति की बैठक की। जिलाधिकारी ने अधिकारियों को निर्देश देते हुए कहा कि जिले में जमीनों पर कब्जे एवं अतिक्रमण से संबंधित शिकायतों का प्राथमिकता के आधार पर निस्तारित करते हुए कार्रवाई की जाए। उन्होंने अधिकारियों को निर्देशित किया कि संबंधित विभाग एंटी भू-माफिया पोर्टल पर लंबित प्रकरणों का समयबद्ध निस्तारण कराना सुनिश्चित करें। बैठक में जिलाधिकारी ने सभी एसडीएम को भू-माफियाओं द्वारा कब्जा की गई सरकारी जमीनों से संबंधित शिकायतों का प्राथमिकता के आधार पर निस्तारण करते हुए कार्रवाई की जाए। सार्वजनिक भूमि पर किए गए अवैध कब्जा हटाने के लिए पुलिस एवं राजस्व विभाग की संयुक्त टीम गठित करने के निर्देश दिए। उन्होंने अधिकारियों को निर्देश दिए कि जीडीए, नगर निगम, सिंचाई विभाग, पीडब्ल्यूडी एवं अन्य विभागों की सरकारी जमीनों पर भू-माफियाओं द्वारा किए गए कब्जे एवं अतिक्रमण को चिन्हित कर उसकी सूची तत्काल संबंधित एसडीएम को उपलब्ध कराई जाए।

जिलाधिकारी ने नगर पालिका परिषद, नगर पंचायत के अधिशासी अधिकारियों समेत सभी विभाग के अधिकारियों को निर्देश देते हुए कहा कि वह सभी अपने विभाग की जमीनों पर कब्जा एवं अवैध रूप से अतिक्रमण किया गया है तो इसकी सूचना संबंधित एसडीएम को देते हुए अतिक्रमण हटाने की कार्रवाई करना सुनिश्चित करें। उन्होंने सभी एसडीएम को निर्देश दिए कि तहसील में सभी विभागों के अधिकारियों से जमीनों पर कब्जे की सूची तैयार कराए। अगर जमीनों पर अतिक्रमण या कब्जा नहीं किया गया तो इसका प्रमाण पत्र लेना सुनिश्चित करें। जिलाधिकारी ने संबंधित विभागों के अधिकारियों को निर्देश देते हुए कहा कि जो भी जमीनें भू-माफिया से कब्जामुक्त कराई गई। उन जमीनों पर तत्काल कब्जा लेते हुए उसे संरक्षित कराया जाए। इसके साथ ही वहां पर विभाग द्वारा जमीन पर अपना बोर्ड लगाना सुनिश्चित किया जाए। इस मौके पर एडीएम प्रशासन ऋतु सुहास, एसपी क्राइम दीक्षा शर्मा, मोदीनगर एसडीएम शुभांगी शुक्ला, अपर नगर आयुक्त अरूण कुमार यादव, जीडीए ओएसडी सुशील कुमार चौबे, तहसीलदार सदर विजय मिश्रा आदि मौजूद रहे।
















