गाजियाबाद। नंदग्राम थाना क्षेत्र में 17 दिन पूर्व हुए कपिल सुसाइड केस का पुलिस ने खुलासा करते हुए पत्नी एवं उसके प्रेमी को गिरफ्तार किया है। पुलिस से बचने के लिए पत्नी ने पहले पुलिस को एक झूठी कहानी सुनाई। मगर उसका यह जूझ ज्यादा दिन टिक नही सका। प्रेमी संग रहने के लिए पत्नी ने ही पति की हत्या करवाई थी और फिर पुलिस को खुद ही जूठी सूचना देकर मकान मालिक को फंसाने की कहानी रच डाली।
मेरठ के फलावदा कस्बा निवासी कपिल कुमार (42) वर्तमान में नंदग्राम ई-ब्लॉक में अपने पांच साल के बेटे एवं पत्नी के साथ कुंदन रावत के मकान में किराए पर रहता था। परिवार का भरण पोषण करने के लिए वह पिकअप गाड़ी चलाता था। 3 मार्च को आरोपी पत्नी ने पुलिस को सूचना दी कि कपिल ने कनपटी में गोली मारकर सुसाइड कर लिया है। इस मामले में पत्नी ने मकान मालिक के खिलाफ सुसाइड के लिए उकसाने का आरोप लगाकर थाने में शिकायत दी थी। आरोप था कि आर्थिक तंगी के चलते कपिल मकान का किराया नहीं दे पा रहा था। जिस कारण मकान मालिक उसे रोजाना परेशान करता था। जिसके चलते वह तनाव में था और खुद को गोली मारकर सुसाइड कर लिया।
नंदग्राम थाने में रविवार को कपिल की हत्या की घटना का खुलासा करते हुए एसीपी आलोक दुबे ने बताया कि थाना प्रभारी प्रदीप कुमार त्रिपाठी की टीम ने सुबह पत्नी शिवानी उर्फ सीमा पत्नी स्व: कपिल कुमार और उसके प्रेमी अंकुश प्रजापति पुत्र बारहची निवासी 100 फुटा रोड नियर एसवीआई बैंक सेवा नगर नंदग्राम को गिरफ्तार कर लिया है। 3 मार्च की कपिल के सुसाइड की सूचना मिलने के बाद उसका पोस्टमार्टम कराया गया। पुलिस जांच में पता चला कि कनपटी में गोली बाईं तरफ से घुसकर दाईं तरफ पार हुई है। जबकि कपिल राइड हैंडर था। इसलिए अगर उसने खुद को गोली मारी होती तो वह गोली दाईं तरफ से घुसकर बाईं तरफ से पार होती। सुसाइड की जानकारी मृतक की पत्नी ने ही पुलिस को दी थी। जिसके चलते वह सुसाइड की घटना संदिग्ध लगी। घटना के खुलासे के लिए टीम को लगाया। मृतक की पत्नी की कॉल डिटेल खंगाली गई तो उसमें एक ही नंबर पर बार-बार कॉल करने की जानकारी मिली।
जिसके बाद उसकी पत्नी शिवानी उर्फ सीमा और उसके प्रेमी अंकुश प्रजापति को हिरासत में लेकर सख्ती से पूछताछ की गई। जहां से दोनों के प्रेम प्रंसग की कहानी सामने आई। अकुंश कपिल के घर के पास ही मोबाइल रिपेयरिंग की शॉप चलाता है और कपिल की पत्नी उसकी दुकान पर मोबाइल रिचार्ज कराने अक्सर जाया करती थी। जहां से दोनों का प्रेम प्रसंग शुरु हुआ। दोनों की प्रेम कहानी से कपिल बिल्कुल अंजान था। मगर उसकी पत्नी उसे रास्ते हटाना चाहती थी। शिवानी ने अपने प्रेमी को बताया कि उसके घर उसके पति का एक तंमचा रखा हुआ है। जिसके बाद शिवानी ने ही अपने प्रेमी को पहले तंमचा चलाना सिखाया। एसीपी ने बताया कि दो मार्च की रात को शिवानी ने अपने पति कपिल को दूध में नशे की गोली पिलाकर सुला दिया और अपने प्रेमी को फोन कर घर पर बुला लिया। अंकुश ने सोते हुए ही कपिल की कनपटी में गोली मारकर उसकी हत्या कर अपने घर चला गया। जिसके बाद प्लान के अनुसार तीन मार्च की सुबह उसकी पत्नी शिवानी ने सभी को पति के सुसाइड करने की कहानी सुना दी। पुलिस ने दोनों को गिरफ्तार करते हुए घटना में प्रयुक्त तंमचा बरामद कर उसे जेल भेज दिया है।
उन्होंने बताया कि जुर्म कोई भी ज्यादा दिन छिप नही सकता है। उसकी पत्नी ने पति को रास्ते हटाने की पूरी योजना तो बना ली थी। मगर उसे यह नही पता था कि उसका पति राइड हैंडर है। उसकी यही गलती उसे सलाखों के पीछे ले गई।
















