मेयर ने नगर आयुक्त को लिखी चिट्ठी कहा त्यौहारों पर सफाई और प्रकाश व्यवस्था का रखें ध्यान

उदय भूमि ब्यूरो
गाजियाबाद। मेयर आशा शर्मा ने नगर आयुक्त डॉ. नितिन गौड़ को चिट्ठी लिखी है। हालांकि मेयर ने चिट्ठी में शहर की सफाई और प्रकाश व्यवस्था को दुरूस्त कराने की बात लिखी है। लेकिन निगम बोर्ड बैठक से चंद दिनों पहले लिखी गई इस चिट्ठी के कई मायने लगाये जा रहे हैं। बहरहाल चिट्ठी की बात करें तो इसमें त्यौहारों के दौरान नगर निगम अधिकारियों की जिम्मेदारी और जवाबदेही का एहसास कराया है।

त्योहारों के चलते शहर में विशेष सफाई अभियान चलाकर सफाई कराने के लिए मेयर आशा शर्मा ने नगर आयुक्त डॉ. नितिन गौड़ को पत्र लिखा है। मेयर ने त्योहार पर सफाई एवं प्रकाश व्यवस्था सुदृढ़ करने के आदेश दिए है। साथ ही पेयजल आपूर्ति बेहतर करने के लिए कहा है। छठ घाट की सफाई के साथ मरम्मत और रंगाई पुताई के आदेश दिए हैं। मेयर आशा शर्मा ने कहा कि दीपावली, गोवर्धन पूजा, भैया दूज, छठ पूजा जैसे बड़े त्योहार शुरू होने हैं। त्योहार के दिनों में लोगों को परेशानी नहीं होनी चाहिए। नियमित पेयजल आपूर्ति की जाए। सभी जगह से कूड़े का उठान कराया जाए। साफ-सफाई सभी जगह की जाए। छठ घाट की मरम्मत कराकर रंगाई और पुताई कराए जाए। पत्र में कहा कि 24 अक्टूबर को दीपावली है, इससे पहले करवाचौथ, धनतेरस समेत कई त्योहार है। ऐसे में नगर निगम का स्वास्थ्य विभाग शहर में विशेष अभियान चलाकर साफ -सफाई कराने का कार्य करें। इसके अलावा महापौर ने जलकल विभाग के महाप्रबंधक आनंद त्रिपाठी को भी निर्देश दिए कि वह पानी के छिड़काव की व्यवस्था करें। त्योहार के दौरान धार्मिक स्थलों, मंदिरों के आसपास साफ-सफाई की व्यवस्था अभी तक नहीं की गई है। इसके अलावा जगह-जगह शहर में कूड़ा पड़ा होने की भी समस्या बनी हुई है।