सावन माह शुरू, कांवड़ यात्रा मार्गों की सूरत बदल रहा नगर निगम

गाजियाबाद। श्रवण मास का शुभारंभ हो गया है। इसके साथ कांवड़ यात्रा भी शुरू हो गई है। इसके मद्देनजर नगर निगम ने भी तैयारियां तेज कर दी हैं। कांवड़ यात्रा मार्गों को गड्ढा मुक्त करा दिया गया है। इसके अलावा प्रमुख शिव मंदिरों तक जाने वाले मार्गों की दशा में भी सुधार किया गया है। मेयर आशा शर्मा तथा नगरायुक्त महेंद्र सिंह तंवर के निर्देशानुसार कांवड़ यात्रा के संबंध में नगर निगम द्वारा तैयारी जोरों पर कराई जा रही हैं, जिसमें सभी विभाग अपने-अपने दायित्वों को निभा रहे हैं। इसी क्रम में सबसे प्रमुख कार्य कावड़ मार्गों को गड्ढा मुक्त करने का है ताकि हरिद्वार से गंगाजल लेकर लौट रहे शिवभक्त कांवड़ियों को परेशानी का सामना न करना पड़े।

कांवड़ मार्गों को गड्ढा मुक्त करने के लिए नगर निगम का निर्माण विभाग गंभीरता से जुटा है। मुख्य अभियंता निर्माण एनके चौधरी ने बताया कि कांवड़ मार्गों के साथ-साथ मंदिरों तक जाने वाले मार्गों को भी गड्ढा मुक्त किया जा रहा है। जिसके क्रम में रजापुर फ्लाईओवर से राज गैस एजेंसी तक गड्ढा मुक्त का कार्य, राजनगर एक्सटेंशन चौक, आरडीसी फ्लाईओवर के नीचे, शास्त्री नगर चौक व अन्य शहर में ऐसे क्षेत्र जो मुख्य मंदिरों तक के मार्ग हैं, उन्हें भी गड्ढा मुक्त करने का कार्य लगभग पूर्ण किया जा चुका है। बाकी मार्गों पर कार्य चल रहा है।

मुख्य अभियंता निर्माण एनके चौधरी का कहना है कि गाजियाबाद शहर से होकर हजारों की संख्या में श्रद्धालु अपने स्थान तक पहुंचते हैं। उन्हें आवागमन में किसी प्रकार की असुविधा ना हो, इसके लिए नगर निगम द्वारा प्रकाश व्यवस्था तथा निर्माण कार्यों पर पूर्ण जोर दिया गया है। समय-समय पर सभी विभागाध्यक्ष अपने-अपने कार्यों का जायजा मौके पर जाकर ले रहे हैं। उधर, नगरायुक्त महेंद्र सिंंह तंवर का कहना है कि कांवड़ यात्रा को ध्यान में रखकर नगर निगम हरसंभव कार्य करा रहा है। श्रद्धालुओं की सुविधा का पूरा ख्याल रखा गया है।