नगर आयुक्त ने छठ घाटों की तैयारियों का लिया जायजा अधिकारियों को दिया अलर्ट रहने का निर्देश कहा छठ व्रतियों को अर्घ्य देने में न हो कोई परेशानी

छठ घाटों पर विशेष सफाई अभियान के साथ एंटी लारवा छिड़काव तथा फागिंग करने में जुटा निगम

गाजियाबाद। दीपावली के बाद जनपद छठ पूजा के रंग में रंगने लगा है। जनपद के अमूमन सभी हिस्सों में नदियों और तालाबों किनारे छठ करने वाले श्रद्धालु बड़ी संख्या में जुटते हैं। इसके बाद कार्तिक पूर्णिमा पर भी लोग नदियों में डुबकी लगाने के लिए घाटों पर पहुंचते हैं। आस्था का महापर्व छठ पूजा अब गिनती के शेष दिन बच गए हैं। जिसे लेकर नगर निगम का स्वास्थ्य विभाग छठ पर्व से पूर्व विशेष अभियान चलाकर छठ घांटों को चमकाने में जुट गया है। श्रृद्धांलुओं की आस्था को ध्यान में रखते हुए नगर आयुक्त ने पूर्व से ही नगर निगम के सभी अधिकारियों की जिम्मेदारी तय की हुई है। जिसके तहत नगर निगम के संबधित अधिकारी अपनी-अपनी जिम्मेदारी को निभाते हुए छठ पर्व को सकुशल संपन्न कराने के लिए जुट गए है। इसी क्रम में गुरुवार को नगर आयुक्त डॉ नितिन गौड़ के निर्देशानुसार नगर स्वास्थ्य अधिकारी द्वारा समस्त छठ घाटों का निरीक्षण किया गया। जिसमें विशेष रूप से सफाई अभियान की कार्यवाही को किया गया। समस्त एसएफआई तथा अन्य संबंधित अधिकारी स्वास्थ्य विभाग मौके पर उपस्थित रहे।

नगर स्वास्थ्य अधिकारी डॉ मिथिलेश कुमार ने बताया कि नगर निगम सीमा अंतर्गत आयोजित छठ घाट पर्व को सफल बनाने के लिए स्वास्थ्य विभाग बेहतर कार्यवाही के लिए जुटा हुआ है। जिसमें सभी जोनों के अंतर्गत आने वाले छठ घाटों पर अलग-अलग एसएफआई अपनी जिम्मेदारी निभाएंगे। साथ ही सफाई मित्र भी अपना विशेष योगदान छठ घाटों पर दे रहे हैं। इसके अलावा अवकाश के दिनों में भी छठ पर्व को सफल बनाने के लिए रोस्टर के अनुसार स्वास्थ्य विभाग की कार्यवाही जारी है। उन्होंने बताया शहर में मुख्य तौर पर हिंडन नदी के दोनों तरफ छठ घाट बनाए जाएंगे। इसके अलावा खोड़ा, मकनपुर, साहिबाबाद रेलवे स्टेशन के पास, राजबाग, झंडापुर, शालीमार गार्डन पुलिस चौकी के पीछे, लाजपत नगर, वसुंधरा सेक्टर-13 में नहर के पास, करहेेड़ा के सामने, नंदग्राम, दीनदयालपुरी, गुलधर, सेक्टर-23 संजयनगर, शिप्रा सनसिटी, हिंद नगर, शहीद मंगल पांडे पार्क, बृज विहार, राजीव कालोनी, शालीमार गार्डन एक्सटेंशन-1, राजेंद्र नगर, सरस्वती कालोनी, इंदिरापुरम न्याय खंड-2, वैशाली में नहर के पास, कोयल एंक्लेव, राजनगर एक्सटेंशन, अकबरपुर-बहरामपुर, क्रॅासिंग रिपब्लिक, बहरामपुर, जनकपुरी, न्यू पंचवटी, डीएलएफ, युवा विहार आदि स्थानों पर छठ घाट बनाए जाएंगे।

एनएसए छठ घाटों पर एंटीलारवा छिड़काव तथा फागिंग व्यवस्था बनाए सुदृढ़
नगर आयुक्त द्वारा छठ पर्व को सफल बनाने के लिए सभी विभाग के अधिकारियों को बेहतर कार्यवाही के निर्देश दिए गए हैं। वही मलेरिया जैसी बीमारी को मात देने के लिए नगर स्वास्थ्य अधिकारी डॉ मिथिलेश कुमार को फागिंग व्यवस्था तथा एंटी लारवा छिड़काव की व्यवस्था समस्त छठ घाटों पर कराने के निर्देश दिए है। जिस पर स्वास्थ्य विभाग की टीम समस्त छठ घाटों पर सफाई के साथ-साथ एंटी लारवा छिड़काव तथा फागिंग की कार्यवाही कर रही है। जिसका जायजा खुद नगर स्वास्थ्य अधिकारी द्वारा मौके पर लिया जा रहा है। नगर निगम द्वारा सभी त्योहारों पर व्यवस्था को बेहतर कर अहम भूमिका निभाई जा रही है। जिसमें त्योहारों से पूर्व तथा त्योहारों के उपरांत भी सफाई व्यवस्था शहर में कायम रखने के लिए स्वास्थ्य विभाग सराहनीय कार्य कर रहा है।

नगर आयुक्त ने संबधित अधिकारियों को निर्देश देते हुए कि छठ व्रतियों की सुरक्षा को ध्यान में रखते हुए घाटों के पास मजबूत बैरिकेडिंग कराएं। घाटों पर साफ-सफाई एवं स्वच्छता की पूरी व्यवस्था रखें। घाटों के पहुंच पथ एवं गंगा नदी के किनारों की सड़कों के पास छठ व्रतियों के सुचारू आवागमन का प्रबंध कराएं। छठ व्रतियों की सुरक्षा के साथ-साथ उनकी सुविधाओं का विशेष ख्याल रखें ताकि उन्हें अर्घ्य देने में किसी प्रकार की दिक्कत न हो। नगर निगम को सजगता के साथ समय से पूर्व ही इन कार्यों को करना है। जर्जर घाटों की जल्द से जल्द मरम्मति कराएं। छठ व्रतियों के लिए निगम सभी प्रकार की मूलभूत सुविधाएं उपलब्ध रखें। छठ घाटों तक आने वाले संपर्क पथों की साफ-सफाई तथा समुचित प्रकाश की व्यवस्था भी समय पर दुरूस्त करें।