म्युनिसिपल कमिश्रर ने स्टेशन सहित मेरठ रोड का किया निरीक्षण
गाजियाबाद। शहर को साफ-सुथरा और खूबसूरत बनाए रखने के लिए नगर निगम निरंतर प्रयासरत है। इसी क्रम में म्युनिसिपल कमिश्नर निरंतर औचक निरीक्षण कर व्यवस्थाओं का जायजा ले रहे हैं। म्युनिसिपल कमिश्नर का कहना है कि शहर की सफाई व्यवस्था एवं खूबसूरती को लेकर अधिकारी, पार्षद एवं कर्मचारियों द्वारा बेहतर कार्य किया जा रहा है, मगर इन सबके साथ शहर के गणमान्य नागरिकों को भी निगम के कार्य में सहयोग करने की जरूरत है। म्युनिसिपल कमिश्नर महेंद्र सिंह तंवर ने गुरुवार को रेलवे स्टेशन सहित मेरठ रोड पर जारी सफाई कार्यों का निरीक्षण किया। इस दौरान उन्होंने रेलवे स्टेशन पर जाने वाले मार्ग के सेंट्रल वर्ज की मरम्मत के साथ इस रोड का सौंदर्यीकरण करने का निर्देश दिया। इस दौरान रेलवे के क्षेत्रीय अधिकारी भी मौजूद थे।
म्युनिसिपल कमिश्नर ने रेलवे के क्षेत्रीय अधिकारी मधुकांत कुमार के साथ रेलवे स्टेशन की ओर जाने वाले मुख्य मार्ग का निरीक्षण किया। पुराने स्टेशन पर प्रतिदिन बड़ी संख्या में दैनिक यात्री आवागमन करते हंै। इस लिहाज से इसके फेस वैल्यू को ध्यान में रखकर म्युनिसिपल कमिश्नर ने अधिकारियों को इस मार्ग के सौंदर्यीकरण का जिम्मा निर्माण विभाग के अधिकारियों को सौंपा है। जबकि इस मार्ग को साफ-सफाई कर चमकाने का निर्देश नगर स्वास्थ्य अधिकारी डॉ. मिथलेश को दिए गए हैं। रेलवे के क्षेत्रीय अधिकारी द्वारा रेलवे रोड पर अव्यवस्थित खड़े ऑटो रिक्शा, रेड़ी ठेली आदि को व्यवस्थित रखने का आश्वासन दिया गया। म्युनिसिपल कमिश्नर ने दावा किया कि एक सप्ताह में पुराना गाजियाबाद रेलवे स्टेशन रोड को सुंदर और बेहतर बनाने का कार्य पूर्ण किया जाएगा। रेलवे स्टेशन अब पुराना नहीं दिखेगा। यह बेहद सुंदर और आकर्षक नजर आएगा, जिससे वहां से गुजरने वाले आगंतुकों को राहत मिलेगी। इसके बाद म्युनिसिपल कमिश्नर ने मेरठ रोड पर घूकना पैट्रोल पंप पहुंच कर सफाई कार्यों का जायजा लिया। मेरठ रोड पर रैपिड रेल का काम चलने के कारण यहां कई स्थानों पर गंदगी मिली। उन्होंने स्वास्थ्य अधिकारी से मेरठ रोड पर चिन्हित सफाई केंद्रों पर सफाई कराने का निर्देश दिया। उन्होंने कहा कि सफाई कार्य में कोताही बिल्कुल बरदाश्त नहीं की जाएगी।
















