बीडब्लूएजी ने अधीक्षण अभियंता को सौंपा ज्ञापन
गाजियाबाद। बिल्डर वेलफेयर एसोसिएशन गाजियाबाद (बीडब्लूएजी) ने विद्युत वितरण खण्ड इंदिरापुरम के अधीक्षण अभियंता को ज्ञापन देकर शासनादेश का पालन कराने की अपील की है। आरोप है कि शासनदेश का हवाला देकर बिल्डरों को परेशान किया जा रहा है। मंगलवार को बिल्डर वेलफेयर एसोसिएशन गाजियाबाद के अध्यक्ष राजीव शर्मा, उपाध्यक्ष सुरेन्द्र अरोडा, महासचिव मनोज गोयल ने विद्युत वितरण खण्ड इंदिरापुरम के अधीक्षण अभियंता ज्ञानेंद्र दत्त द्विवेदी को ज्ञापन सौंपा। महासचिव मनोज गोयल ने बताया कि नियमानुसार किसी भी भवन का विद्युत लोड 50 केवी से अधिक होने पर ट्रांसफार्मर लगाना अनिवार्य है। लेकिन 25 केवी विद्युत लोड होने पर भी विभाग ट्रांसफार्मर लगाने के लिए अनावश्यक दबाव डाल रहा है। यह शासनादेश का खुला उल्लघंन है। 
विद्युत विभाग अपनी मनमानी कर बिल्डरों का शोषण कर रहा है। उन्होने बताया कि स्वीकृत मानचित्र के अनुसार एफएआर की गणनासुर विद्युत लोड की गणना करके यदि 50 केवी से अधिक हो तभी ट्रांसफार्मर लगाना अनिवार्य होता है। लेकिन विद्युत विभाग द्वारा 25 केवी के कनेक्शन पर ट्रासफार्मर लगाने का दबाव बनाया जा रहा है। जोकि नियमानुसार गलत है। अगर बिल्डरों का शोषण बंद नही किया तो एसोसिएशन के लोगों आंदोलन करने के लिए मजबूरन सड़को पर उतरना होगा। उन्होने बताया 50 किलोवाट से अधिक लोड होने पर ही घरों के आगे ट्रांसफार्मर लगाए जाएं। 9 मीटर तथा 12 मीटर की रोड होने के कारण अगर दोनों तरफ मकान है और ट्रांसफार्मर लगते हैं तो गली की चौड़ाई 6 मीटर ज्यादा नहीं रहेगी। जिस कारण दुर्घटना की आशंका बनी रहेगी। लेकिन विद्युत विभाग 24 किलोवाट के कनेक्शन पर ट्रांसफार्मर लगाता है तो नियम के विरुद्ध है। विद्युत वितरण खण्ड इंदिरापुरम के अधीक्षण अभियंता ने एसोसिएशन के पदाधिकारियों को जांच कराकर उचित कार्रवाई का आश्वासन दिया है। इस दौरान राकेश कामरा, आशीष, राघव, रविंद्र त्यागी, केएस उप्पल, गौरव नारंग आदि लोग उपस्थित रहे।















