हर घर तिरंगा रैली से बढ़ेगी देश की शान

-स्कूली बच्चों ने निकाली भव्य तिरंगा रैली

गाजियाबाद। संविलियन विद्यालय सुहाना द्वारा सुहाना गांव में सोमवार को एक रैली का आयोजन किया गया। रैली का नेतृत्व इंचार्ज प्रधानाचार्य सलीम जावेद ने किया। रैली का शुभांरभ विधायक प्रतिनिधि सुभाष सांगवान व उत्तर प्रदेशीय प्राथमिक शिक्षक संघ के प्रांतीय उपाध्यक्ष अनुज त्यागी ने हरी झण्डी दिखाकर किया। इस रैली में 350 बच्चों ने हिस्सा लिया। यह जागरूकता रैली पूरे गांव में निकाली गई। विद्यालय के बच्चों ने अमृत महोत्सव के तहत हर घर तिरंगा अभियान में सभी ग्राम वासियों से अपने-2 घरों पर तिरंगा फहराने की अपील की। रैली में समस्त स्कूल अध्यापकों एवं बच्चों ने देशभक्ति के नारे लगाये तथा देशभक्ति के गीतों के माध्यम से लोगों में देश प्रेम व देश भक्ति की भावना का संचार किया।

अनुज त्यागी ने कहा हर घर तिरंगा अभियान का मकसद देश के हरेक नागरिक के दिल में देशभक्ति को बढ़ावा देना है। आने वाले पीढिय़ों को इससे संदेश दिया जा रहा है कि हम सब भारत को एकजुट रखेंगे, आप हम मिलकर भारत को आगे बढ़ाएंगे और भारत को और मजबूत तथा ताकतवर बनाएंगे। देश की एकता और आजादी के लिए जिन महानुभावों ने कुर्बानी दी और अपना जीवन त्याग किया उन महानुभावों को याद करें और अपने बच्चों को भी इसके बारे में जरूर बताएं। इस अवसर पर ग्राम प्रधान इरफान, अध्यापक इस्लामुद्दीन, सुषमा कुमारी, प्रमोद कुमार, रामकिशोर, ममता, अलका, श्वेता, सोनम, सदाकत अली आदि उपस्थित रहे।